NIOS उच्चतर माध्यमिक राजनीति विज्ञान (317), पाठ 21 «जनमत तथा दबाव समूह» के सभी पाठगत प्रश्न, सभी पाठांत प्रश्न और कार्यपत्रक 21 के सभी प्रश्न, पुस्तक की अपनी शब्दावली में। पाठगत प्रश्नों के उत्तर पुस्तक की उत्तर-कुंजी के अनुसार हैं। पाठांत प्रश्नों और कार्यपत्रक के उत्तर NIOS अंकन योजना की शैली में हैं: 2 अंक के प्रश्न में 30-50 शब्द, 3 अंक में 50-80 शब्द, 5 अंक में 80-120 शब्द। नीचे दिए अंक केवल अनुमान हैं, ताकि लिखने की लंबाई का अंदाज़ा रहे। NIOS की आधिकारिक पुस्तक nios.ac.in पर निःशुल्क उपलब्ध है।
1 पाठगत प्रश्न
पाठगत प्रश्न 21.1
प्र. रिक्त स्थान भरिए:
(क) जनता समाज का एक ऐसा वर्ग है, जो …….. अधिकारों का प्रयोग करती है। (समान/विशेष)
(ख) जनमत समाज के किसी एक वर्ग या कई वर्गों द्वारा उनसे जुड़े मुद्दों पर …….. विचार या दृष्टिकोण को कहते हैं। (व्यवस्थित और ठीक ढंग से सोचे-समझे/निजी और प्रबुद्ध)
(ग) जनमत सर्वसम्मति से लिया गया मत या विचार ……..। (होता/नहीं होता)
(घ) जनमत का कोई निश्चित स्थान या क्षेत्र ……..। (नहीं है/है)
उत्तर:
(क) समान। पाठ के अनुसार जनता समाज का वह वर्ग है जिसके हित समान होते हैं।
(ख) व्यवस्थित और ठीक ढंग से सोचे-समझे।
(ग) नहीं होता। जनमत सभी का या बहुमत का मत नहीं है, वह मत की विविधता दर्शाता है।
(घ) नहीं है।
ध्यान दें: (क) में पाठ का भाव “समान हित” का है; पुस्तक की उत्तर-कुंजी में शब्द “समान” ही है।
पाठगत प्रश्न 21.2
प्र. रिक्त स्थान भरिए:
(क) नीति निर्धारण एवं कानून निर्माण के संदर्भ में सरकार …….. को बहुत महत्व देती है। (जनमत/राजनीतिक दलों के विचार)
(ख) जनमत सरकार के प्रति एक …….. के रूप में कार्य करता है। (प्रहरी/मित्र)
(ग) सरकारें आज अंतर्राष्ट्रीय जनमत के प्रति सतर्क ……..। (हैं/नहीं हैं)
उत्तर:
(क) जनमत।
(ख) प्रहरी। वह सरकार पर नियंत्रण रखता और उसे अनुत्तरदायी होने से रोकता है।
(ग) हैं।
प्र. सत्य या असत्य चुनिए:
(क) सरकार आसानी से जनमत की अवहेलना कर सकती है।
(ख) जनमत सरकार को मनमाने कार्य करने से रोकता है।
(ग) अधिकारों और स्वतंत्रता की सुरक्षा करने में जनमत का कोई प्रभाव नहीं होता।
(घ) अंतर्राष्ट्रीय संबंध जनमत द्वारा प्रभावित होते हैं।
उत्तर:
(क) असत्य। कोई भी लोकतांत्रिक सरकार जनमत की अवहेलना नहीं कर सकती।
(ख) सत्य।
(ग) असत्य। जनमत अधिकारों और स्वतंत्रता का रक्षक है।
(घ) सत्य।
पाठगत प्रश्न 21.3
प्र. सही उत्तर चुनिए, सत्य या असत्य:
(क) घर और परिवार ऐसी अनौपचारिक एजेंसियाँ हैं, जो जनमत को प्रभावित करती हैं।
(ख) जनमत विचारों की विविधता को नहीं दर्शाता।
(ग) किशोर जनसंख्या दूसरे के विचारों से प्रभावित नहीं होती।
(घ) मतगणना सरकार के प्रति जनता की संतुष्टि को जाँचने वाला एक बैरोमीटर है।
(ङ) इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सामाजिक जीवन के प्रतिबिंब के रूप में कार्य करती है।
(च) जनता स्थायी और राष्ट्रीय मामलों में कोई रुचि नहीं लेती।
उत्तर:
(क) सत्य।
(ख) असत्य। जनमत विचारों की विविधता को दर्शाता है।
(ग) असत्य। किशोर दूसरों के विचारों से जल्दी प्रभावित होते हैं।
(घ) सत्य।
(ङ) सत्य।
(च) असत्य।
ध्यान दें: (च) में पुस्तक में “स्थायी” छपा है; पाठ में “स्थानीय और राष्ट्रीय मामलों” की बात है, इसलिए यह छपाई की भूल लगती है। उत्तर-कुंजी का उत्तर असत्य ही है।
प्र. रिक्त स्थान भरिए:
(क) टेलीविज़न और रेडियो …….. जनता के विचारों को भी निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। (शिक्षित/अशिक्षित)
(ख) सिनेमा और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का लोगों की मानसिकता पर …….. प्रभाव पड़ता है। (स्वाभाविक/अस्वाभाविक)
(ग) सार्वजनिक सभाएँ वक्ता और …….. के बीच निजी संपर्क स्थापित करती हैं। (श्रोता/दर्शक)
उत्तर:
(क) अशिक्षित। प्रिंट मीडिया केवल शिक्षित वर्ग को प्रभावित करता है।
(ख) स्वाभाविक।
(ग) श्रोता।
पाठगत प्रश्न 21.4
प्र. रिक्त स्थान भरिए:
(क) एक स्वस्थ जनमत के निर्माण के लिए प्रेस को …….. और …….. होना चाहिए। (पक्षपाती/निष्पक्ष, स्वतंत्र)
(ख) लोकतंत्र में लोगों व राजनीतिक दलों को …….. व …….. जैसी भावनाओं से ऊपर उठना चाहिए। (जाति, संप्रदाय/धर्मनिरपेक्षता, देशभक्ति)
(ग) स्वस्थ जनमत का निर्माण आर्थिक रूप से …….. समाज में होता है। (संतुलित/असंतुलित)
उत्तर:
(क) निष्पक्ष और स्वतंत्र।
(ख) जाति व संप्रदाय।
(ग) संतुलित। निर्धन और धनी का अंतर घटाने और संपत्ति का न्यायोचित बँटवारा करने से स्वस्थ जनमत संभव होता है।
ध्यान दें: पुस्तक में (क) और (ख) के विकल्प आपस में मिलकर छपे हैं; ऊपर विकल्प पाठ और उत्तर-कुंजी के आधार पर अलग करके लिखे गए हैं।
पाठगत प्रश्न 21.5
प्र. रिक्त स्थान भरिए:
(क) दबाव समूहों को दबाव समूह इसलिए कहा जाता है, क्योंकि वे सरकार पर …….. डालते हैं। (दबाव/आलोचना)
(ख) दबाव समूह …….. से अलग प्रकृति के होते हैं, क्योंकि ये चुनावों में भाग नहीं लेते। (राजनीतिक दलों/गैर सरकारी समूहों)
(ग) दबाव समूह …….. को लामबंद करने में सहायता करते हैं। (जनमत/राजनीतिक दल)
(घ) दबाव समूहों के कार्य करने का तरीका राजनीतिक प्रणाली …….. होता है। (से अलग/के समान)
(ङ) राजनीतिक संस्कृति तथा नेताओं व लोगों का व्यवहार दबाव समूहों की कार्यपद्धति को प्रभावित …….. है। (करता/नहीं करता)
उत्तर:
(क) दबाव।
(ख) राजनीतिक दलों।
(ग) जनमत।
(घ) से अलग। अलग-अलग राजनीतिक प्रणालियों में दबाव समूहों के कार्य करने की प्रक्रिया अलग होती है।
(ङ) करता। यह उन पाँच घटकों में से एक है जो इस प्रक्रिया को नियंत्रित करते हैं।
पाठगत प्रश्न 21.6
प्र. रिक्त स्थान भरिए:
(क) दबाव समूह जनता को बहुत-से …….. मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। (सार्वजनिक/निजी)
(ख) दबाव समूह …….. और …….. के बीच एक योजक के रूप में कार्य करते हैं। (सरकार, नागरिकों/सरकार, राजनीतिक दलों)
(ग) किसी भी देश के …….. दबाव समूहों के कार्यों और उनके उद्देश्यों को सुनिश्चित करते हैं। (राजनीतिक संस्थान/सामाजिक संस्थान)
उत्तर:
(क) सार्वजनिक।
(ख) सरकार, नागरिकों। उत्तर-कुंजी में यही विकल्प दिया है।
(ग) राजनीतिक संस्थान।
ध्यान दें: (ख) में उत्तर-कुंजी “सरकार, नागरिकों” है, जबकि पाठ (खंड 21.7) में दबाव समूहों को “जनता और राजनीतिक दलों के बीच कड़ी” कहा गया है। परीक्षा में पाठ का वाक्य लिखना सुरक्षित है; कुंजी का विकल्प जब चुनना हो, तो पुस्तक की कुंजी वाला चुनें।
पाठगत प्रश्न 21.7
प्र. रिक्त स्थान भरिए:
(क) राजनीतिक उद्देश्य हेतु कार्य करते समय दबाव समूह …….. उपायों का प्रयोग सरकार पर दबाव बनाने के लिए करते हैं। (उदार/उग्र)
(ख) …….. दबाव समूह अपनी माँगों को पूरा करवाने में सफल हो जाते हैं। (शक्तिशाली/कमजोर)
(ग) दबाव समूह विभिन्न …….. कार्यपद्धतियों का प्रयोग करके जनमत को आकार प्रदान करने का प्रयास करते हैं। (प्रचार/गोपनीय)
उत्तर:
(क) उग्र। जैसे रैलियाँ, धरने, प्रदर्शन और भूख हड़ताल।
(ख) शक्तिशाली।
(ग) प्रचार।
2 पाठांत प्रश्न
प्र. जनमत की परिभाषा दें।
उत्तर:
(i) समाज के किसी एक वर्ग या कई वर्गों द्वारा उनसे जुड़े मुद्दों पर व्यवस्थित और ठीक ढंग से सोचे-समझे विचार या दृष्टिकोण को जनमत कहते हैं।
(ii) यह बहुत-से मतों की परस्पर क्रिया के बाद बना सामाजिक उत्पाद है; यह सभी का मत, बहुमत का मत या किसी व्यक्ति विशेष का मत नहीं होता।
प्र. भारत की लोकतांत्रिक शासन प्रणाली में जनमत की भूमिका को जाँचें।
उत्तर: भूमिका: जनमत नागरिकों के विचारों की अभिव्यक्ति है और लोकतांत्रिक संचार को बनाए रखने का आवश्यक तत्व माना जाता है। कोई सरकार इसकी उपेक्षा नहीं कर सकती; स्वस्थ जनमत तानाशाही की भी कमर तोड़ सकता है।
भूमिका और महत्व:
(i) सरकार का पथ-प्रदर्शक: सरकार चुनाव में मिले जनादेश पर काम करती है और वादे पूरे करके लोगों को जीतने का प्रयास करती है।
(ii) कानून निर्माण में सहायक: जनमत हमेशा सरकार पर दबाव रखता है, इसलिए जनहित में कानून बनाते समय इसे विशेष महत्व दिया जाता है।
(iii) प्रहरी: वह सरकार पर नियंत्रण रखता है, गलत नीतियों की आलोचना करता है; विपरीत जाने पर जनता वोट नहीं देगी और सत्ता से हटा देगी।
(iv) अधिकारों व स्वतंत्रता का रक्षक: नागरिक सरकार के कार्यों की सराहना या आलोचना कर सकते हैं, जिससे सरकार अधिकारों के प्रति जागरूक रहती है।
(v) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली शक्ति: मानव अधिकार, पर्यावरण, भेदभाव, बाल मजदूरी और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर सरकारें अब अंतर्राष्ट्रीय जनमत के प्रति भी सतर्क हैं।
(vi) जनमत नागरिकों में जागरूकता लाता है और मुद्दों को अलग-अलग दृष्टिकोणों से परखने का अवसर देता है।
प्र. जनमत निर्माण की एजेंसियों का वर्णन करें।
उत्तर: भूमिका: जनमत बनाने की कोई निश्चित या स्वचालित प्रक्रिया नहीं है। मुद्दा उठने पर अलग-अलग वर्ग अपना मत रखते हैं और जिन पर ध्यान जाता है, वे जनमत बनते हैं। कई औपचारिक और अनौपचारिक एजेंसियाँ इसे स्वरूप देती हैं।
एजेंसियाँ (कोई छह):
(i) राजनीतिक सामाजीकरण: परिवार, पड़ोस और मित्र समूह में व्यक्ति के विचार और मूल्य बनते हैं; सबसे अधिक प्रभाव परिवार और मित्र समूह का।
(ii) प्रेस: समाचार-पत्र, पत्रिकाएँ आदि; जनता की आवाज़ सरकार तक पहुँचाता है और सरकार को उत्तरदायी बनाता है।
(iii) रेडियो और टेलीविज़न: अशिक्षितों के विचारों को भी प्रभावित करते हैं; जातिवाद और सांप्रदायिक हिंसा जैसे मुद्दों पर शिक्षित करते हैं।
(iv) सिनेमा: फीचर और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का मानसिकता पर स्वाभाविक प्रभाव पड़ता है।
(v) सार्वजनिक सभाएँ: भाषण, सेमिनार, कार्यशालाओं से लोगों को जुटाकर उनसे निजी और भावनात्मक संबंध बनाती हैं।
(vi) राजनीतिक दल: जनमत को संगठित और लामबंद करते हैं; पत्रिकाएँ, पैम्फलेट, इश्तेहार और घोषणापत्र छापते हैं।
(vii) जनमत सर्वेक्षण: समय का रुझान दिखाते हैं; व्यावसायिक संस्थाएँ करती हैं।
(viii) शिक्षण संस्थान: स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, पुस्तकालय; वाद-विवाद, सेमिनार आदि से जनमत बनाते हैं।
प्र. एक स्वस्थ जनमत के निर्माण में आने वाली बाधाओं का विश्लेषण करें।
उत्तर: भूमिका: जनमत तब तक लोगों के विचारों का सही प्रतिबिंब नहीं कहलाएगा, जब तक इन बाधाओं को हटाया नहीं जाएगा।
बाधाएँ:
(i) उदासीन रवैया: लोग राजनीति से दूर रहते हैं और भागीदारी को ज़रूरी नहीं मानते; उन्हें राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाना होगा।
(ii) निरक्षरता: अशिक्षित लोगों का ज्ञान सीमित होता है, वे आवेश और भावनाओं से प्रभावित होते हैं; स्वस्थ जनमत ज्ञान और शिक्षा के वातावरण में बनता है।
(iii) निर्धनता: निर्धनों के पास सार्वजनिक मामलों के लिए समय नहीं, वे बहकावे में आकर वोट दे देते या बेच देते हैं; अमीर-गरीब का अंतर घटाना और संपत्ति का न्यायोचित बँटवारा ज़रूरी है।
(iv) जातियों व संप्रदायों के बीच असंतुलन: लोगों और दलों को जात-पात और संप्रदाय की संकीर्ण दीवारों से ऊपर उठना चाहिए; धर्म और राजनीति अलग रहें।
(v) स्वतंत्र प्रेस का अभाव: प्रेस पूर्वाग्रह-मुक्त, विषयनिष्ठ और भय-मुक्त होना चाहिए; उस पर धार्मिक, पूंजीवादी या क्षेत्रीय हित हावी न हों।
प्र. किस आधार पर हम भारत में दबाव समूहों का वर्गीकरण करते हैं?
उत्तर:
दबाव समूहों के उद्देश्यों और लक्ष्यों के आधार पर इन्हें मुख्य रूप से चार वर्गों में बाँटा गया है:
(i) व्यावसायिक दबाव समूह: किसी पेशे या व्यवसाय के लोगों के हित की रक्षा के लिए, जैसे फिक्की, ट्रेड यूनियन, किसान संगठन।
(ii) सामाजिक-सांस्कृतिक दबाव समूह: सामुदायिक सेवा और भाषा-धर्म के प्रचार के लिए, जैसे आर्य समाज, रामकृष्ण मिशन।
(iii) संस्थागत दबाव समूह: सरकारी ढाँचे के भीतर रहकर काम करते हैं, जैसे सिविल सर्विस एसोसिएशन, रेड क्रॉस सोसाइटी।
(iv) तदर्थ दबाव समूह: किसी विशेष मुद्दे पर थोड़े समय के लिए बनते हैं और उद्देश्य पूरा होने पर समाप्त हो जाते हैं, जैसे उड़ीसा रिलीफ आर्गनाइजेशन।
प्र. दबाव समूहों की भूमिका पर चर्चा करें।
उत्तर:
(i) ये जनता और राजनीतिक दलों के बीच कड़ी तथा संचार का साधन हैं।
(ii) ये लोगों को सामाजिक-आर्थिक मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाते और राजनीतिक रूप से शिक्षित करते हैं।
(iii) ये प्रभावशाली नेतृत्व बनाते हैं और भविष्य के नेताओं को प्रशिक्षण मंच देते हैं।
(iv) ये समाज के परंपरागत मूल्यों के बीच का अंतर घटाने का प्रयास करते हैं।
(v) इनके कार्यों का मुख्य परिणाम एकता और अखंडता की स्थापना है।
(vi) ये सरकार और प्रशासन दोनों की नीतियों को प्रभावित करते हैं।
प्र. भारत में दबाव समूहों द्वारा अपनाई जाने वाली कार्यपद्धतियों का मूल्यांकन करें।
उत्तर: भूमिका: सरकारी अधिकारियों और नेताओं से संबंध बनाए रखना दबाव समूहों का एकनिष्ठ प्रयास होता है। कार्यपद्धतियाँ देश की राजनीतिक प्रणाली की प्रकृति और समाज के प्रारूप पर निर्भर करती हैं।
कार्यपद्धतियाँ:
(i) याचिकाएँ और निवेदन पत्र।
(ii) इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया तथा अन्य प्रचार साधनों से जनमत को अपने पक्ष में करना।
(iii) लॉबी करना।
(iv) न्यायपालिका को प्रभावित करने का प्रयास: न्यायाधीशों के चयन को और न्यायिक निर्णयों के लिए अभियान।
(v) राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उग्र उपाय: रैलियाँ, धरने, प्रदर्शन, भूख हड़ताल।
(vi) मानवीय उद्देश्यों (शांति, पर्यावरण, मानवाधिकार) के लिए प्रबुद्ध जनमत बनाना, राष्ट्रीय अभियान; जैसे एड्स, आतंकवाद और परमाणु बम के विरुद्ध आंदोलन।
मूल्यांकन: दबाव समूह लोकतांत्रिक भावना बनाए रखते हैं, पर दोहरे मापदंड अपनाने के कारण आलोचना भी होती है। शक्तिशाली समूह माँगें मनवा लेते हैं, कमज़ोर की सुनवाई नहीं होती। प्रभाव संगठन की शक्ति, अनुशासन, सदस्यों की वचनबद्धता, जन-सहानुभूति जुटाने की क्षमता, आर्थिक स्थिति और निर्णय-सभाओं तक पहुँच पर निर्भर है।
पुस्तक में “न्यायाधीशों की चुनाव प्रक्रिया” छपा है; भारत में न्यायाधीशों की नियुक्ति होती है, चुनाव नहीं, इसलिए यहाँ “चयन” लिखा है।
3 कार्यपत्रक 21 हल
NIOS के आधिकारिक कार्यपत्रक 21 (जनमत तथा दबाव समूह) के दसों प्रश्न और उनके उत्तर। कार्यपत्रक की फ़ाइल के कुछ अक्षर बिगड़े हुए हैं; प्रश्न उसी अर्थ में लिखे गए हैं जो फ़ाइल से स्पष्ट पढ़ा जा सकता है।
प्र. “लोगों के विचार और हित लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल हैं”, दिए गए कथन पर अपने विचार लिखिए।
उत्तर:
(i) पाठ के अनुसार लोगों के विचार, रुचियाँ और आकांक्षाएँ लोकतांत्रिक शासन प्रणाली की रीढ़ हैं।
(ii) लोकतंत्र को शक्ति जनता से ही मिलती है; जनता का प्रतिनिधित्व करने वाली सरकार जनमत के आधार पर प्रशासन चलाती है।
(iii) कुछ समूह और संस्थाएँ अपने विशेष हितों को ध्यान में रखकर सरकार की नीतियों और निर्णयों को प्रभावित करने का प्रयास करती हैं; इन्हें दबाव समूह कहते हैं।
(iv) कोई भी शासन प्रणाली, चाहे लोकतांत्रिक हो या कोई और, जनमत या दबाव समूहों को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकती।
(v) इसलिए लोगों के विचार और हित ही लोकतंत्र का आधार हैं।
प्र. हर सरकार जनता की भावनाओं और विचारों का सम्मान करती है और उसके अनुसार काम करती है, इस कथन के संदर्भ में सरकार के लिए सार्वजनिक दृष्टिकोण (जनमत) के महत्व को लिखिए।
उत्तर:
(i) हर सरकार जनता की भावनाओं का सम्मान करती है और प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उनसे जुड़े मुद्दों पर उनकी प्रतिक्रिया जानना चाहती है।
(ii) जनमत सरकार का पथ-प्रदर्शक है: चुनाव में मिले जनादेश के आधार पर वह काम करती है और वादे पूरे करके लोगों को जीतना चाहती है।
(iii) नीति और कानून बनाते समय सरकार जनमत को विशेष महत्व देती है।
(iv) जनमत प्रहरी की तरह सरकार को अनुत्तरदायी होने से रोकता है; विपरीत जाने पर जनता वोट नहीं देगी।
(v) अंतर्राष्ट्रीय जनमत के प्रति भी सरकार अब सतर्क है; कोई लोकतांत्रिक सरकार जनमत की अवहेलना नहीं कर सकती।
प्र. जनमत को आम तौर पर जनता की राय के रूप में समझा जाता है, इस कथन के प्रकाश में दोनों (जनता और जनमत) के बीच अंतर को अपने शब्दों में लिखिए।
उत्तर:
जनता:
(i) जनता का अर्थ केवल “लोग” नहीं है; किसी व्यक्ति विशेष को जनता नहीं कहा जा सकता।
(ii) जनता समाज का वह वर्ग है जिसके हित समान होते हैं और जनसाधारण के मुद्दों पर जिसके विचार एक से होते हैं।
जनमत:
(iii) जनमत उस वर्ग (या कई वर्गों) का अपने मुद्दों पर व्यवस्थित और ठीक ढंग से सोचा-समझा विचार या दृष्टिकोण है।
(iv) यह सभी लोगों या बहुमत का मत नहीं है; यह मत की विविधता को दर्शाता है और परिस्थिति, समय और नई जानकारी से बदल सकता है।
(v) यह किसी व्यक्ति, प्रबुद्ध या विशेषज्ञ का निजी मत भी नहीं है, और प्रचार या जनसंपर्क का तरीका भी नहीं है।
प्र. जनता की राय किसी विशेष व्यक्ति की राय या बहुमत की राय नहीं है, इस कथन के संदर्भ में जनमत की विशेषताओं की सूची बनाइए।
उत्तर:
(i) जनमत परिस्थिति, समय और नई जानकारियों के आधार पर बदल सकता है।
(ii) यह समाज के एक वर्ग का पूरी तरह सोचा-समझा और तार्किक विचार होता है।
(iii) यह विचारों की विविधता को प्रकट करता है; इसलिए यह सभी का या बहुमत का मत नहीं है।
(iv) जनमत का कोई निश्चित स्थान या क्षेत्र नहीं है।
(v) जनमत लोकतांत्रिक संचार को सुनिश्चित करता है।
(vi) यह किसी व्यक्ति विशेष का निजी मत नहीं होता।
प्र. “लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोकतांत्रिक संचार के सफल संचालन के लिए जनमत आवश्यक है”, इस कथन की अपने शब्दों में व्याख्या कीजिए।
उत्तर: कथन: जनमत नागरिकों के विचारों की अभिव्यक्ति है और शासन प्रणाली में लोकतांत्रिक संचार बनाए रखने का आवश्यक तत्व है। लोकतंत्र की शक्ति लोगों के विचारों के सम्मान पर आधारित है।
व्याख्या:
(i) सरकार इसकी उपेक्षा नहीं कर सकती; स्वस्थ जनमत तानाशाही की भी कमर तोड़ सकता है।
(ii) सामूहिक समस्याओं के निदान के लिए स्वस्थ विचारों का आदान-प्रदान होना चाहिए, जो जनमत से होता है।
(iii) जनमत सरकार का पथ-प्रदर्शक है और कानून निर्माण में सहायता करता है।
(iv) वह प्रहरी की तरह सरकार पर नियंत्रण रखता है और अधिकारों व स्वतंत्रता का रक्षक है।
(v) जनमत ही सरकार और नागरिकों के बीच संचार का सबसे प्रभावशाली साधन है।
(vi) जनमत लोकतांत्रिक संचार को सुनिश्चित करता है।
प्र. जनता की राय नागरिकों में व्यापक जागरूकता और विभिन्न दृष्टिकोणों को बढ़ावा देती है, इस कथन के संदर्भ में अपने विचार उपयुक्त उदाहरण सहित व्यक्त कीजिए।
उत्तर:
(i) जनमत नागरिकों में जागरूकता लाता है और उन्हें अपने मुद्दों को विभिन्न दृष्टिकोणों से जाँचने-परखने का अवसर देता है।
(ii) जनमत विचारों की विविधता को प्रकट करता है, इसलिए अलग-अलग वर्गों के मत सामने आते हैं।
(iii) उदाहरण: अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मानव अधिकारों की सुरक्षा, पर्यावरण, नस्ल-धर्म-लिंग के आधार पर भेदभाव, बाल मजदूरी की रोकथाम और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर जागरूकता और जनमत बना है।
(iv) रेडियो, टेलीविज़न और सिनेमा जातिवाद और सांप्रदायिक हिंसा जैसे मुद्दों पर लोगों को शिक्षित करते हैं।
(v) शिक्षण संस्थानों में वाद-विवाद, सेमिनार, नाटक और प्रतियोगिताएँ छात्रों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर संवेदनशील बनाती हैं।
प्र. जनमत के निर्माण के लिए कोई निश्चित या स्वचालित प्रक्रिया नहीं है, इस कथन के संदर्भ में उत्तर दीजिए: (क) जनमत बनाने के लिए राजनीतिक सामाजीकरण की भूमिका; (ख) जनमत बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया का योगदान।
उत्तर: कथन: जनसामान्य का मुद्दा उठने पर अलग-अलग वर्ग अपना मत रखते हैं; जिन मतों पर विशेष ध्यान जाता है, वे जनमत बन जाते हैं। इसमें औपचारिक और अनौपचारिक प्रक्रियाएँ काम करती हैं।
(क) राजनीतिक सामाजीकरण:
(i) यह वह मूल प्रक्रिया है जिससे व्यक्ति राजनीतिक मुद्दों के प्रति सजग होता है।
(ii) व्यक्ति परिवार, पड़ोस और अन्य क्षेत्रों में पलता है; शासन प्रणाली के प्रति व्यवहार, मान्यताएँ और मूल्य इन्हीं समूहों में बनते हैं।
(iii) सबसे अधिक प्रभाव परिवार और मित्र समूह का होता है; ये व्यक्ति के निजी विचार और दृष्टिकोण को आकार देते हैं।
(ख) मीडिया:
(i) प्रिंट मीडिया (प्रेस): समाचार-पत्र, पत्रिकाएँ, पैम्फलेट, इश्तेहार राजनीतिक और सामाजिक घटनाओं से अवगत कराते हैं; प्रेस जनता की आवाज़ सरकार तक पहुँचाता है और सरकार को उत्तरदायी बनाता है।
(ii) इलेक्ट्रॉनिक मीडिया: रेडियो और टेलीविज़न सामाजिक जीवन के प्रतिबिंब हैं; प्रिंट मीडिया केवल शिक्षित वर्ग को प्रभावित करता है, पर ये अशिक्षित वर्ग के विचार भी बनाते हैं।
(iii) दृश्य-श्रव्य माध्यम जातिवाद, सांप्रदायिक हिंसा जैसी बुराइयों पर शिक्षित करता है; लोग इनसे सरकारी नीतियों पर अपने विचारों का आदान-प्रदान करते हैं।
प्र. “स्वैच्छिक समूह” समाज में व्यक्तियों के विशेष हितों की रक्षा करते हैं, इस कथन के संदर्भ में स्वैच्छिक समूह का अर्थ और परिभाषा लिखिए।
उत्तर: अर्थ:
(i) राजनीतिक दलों के अतिरिक्त समाज में कुछ स्वयंसेवी (स्वैच्छिक) समूह होते हैं जो जनता के विशेष हितों की रक्षा करते हैं।
(ii) इन्हें दबाव समूह या हित समूह कहा जाता है; इनकी सदस्यता स्वैच्छिक होती है और ये प्रत्येक देश में पाए जाते हैं।
परिभाषा:
(iii) दबाव व हित समूह पूरी तरह संगठित समूह होते हैं, जिनके सार्वजनिक और सामाजिक हित होते हैं और जो सरकार की नीति-निर्धारक प्रक्रिया को बाहरी दबाव डालकर प्रभावित करते हैं।
(iv) इनके कार्य सीमित और संकीर्ण होते हैं; चरित्र अनौपचारिक और गैर मान्यता प्राप्त होता है।
(v) राजनीतिक दलों के विपरीत ये चुनाव में भाग नहीं लेते, फिर भी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्र. दबाव समूहों को उनके उद्देश्यों के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया जा सकता है, इस कथन के संदर्भ में व्यावसायिक दबाव समूह और संस्थागत दबाव समूह के बीच का अंतर उदाहरण सहित लिखिए।
उत्तर:
(i) व्यावसायिक दबाव समूह किसी निश्चित पेशे या व्यवसाय के लोगों द्वारा अपने हितों की रक्षा के लिए बनते हैं; संस्थागत दबाव समूह सरकारी ढाँचे के भीतर ही काम करते हैं।
(ii) व्यावसायिक समूह सरकार से बाहर, व्यवसाय या पेशे के आधार पर बनते हैं; संस्थागत समूह राजनीतिक पद्धति में शामिल हुए बिना सरकारी तंत्र के भीतर रहकर सक्रिय रहते हैं।
(iii) व्यावसायिक समूहों में बड़े व्यावसायिक घराने सबसे संगठित और शक्तिशाली हैं; वे आर्थिक और वाणिज्यिक नीतियों को प्रभावित करते हैं।
(iv) संस्थागत समूह स्थानांतरण, अवकाश नियम और महंगाई भत्ते जैसे मामलों में दबाव बनाते हैं।
(v) उदाहरण: व्यावसायिक: फिक्की, ट्रेड यूनियन, किसान संगठन, टाटा, बिरला। संस्थागत: सिविल सर्विस एसोसिएशन, पुलिस वेलफेयर संगठन, आर्मी ऑफिसर्स संगठन, रेड क्रॉस सोसाइटी।
प्र. दबाव समूह सरकार की प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए विभिन्न तरीके अपनाते हैं, दिए गए कथन की व्याख्या करें और दबाव समूहों के कार्य करने के तरीके लिखिए।
उत्तर: कथन: सरकारी अधिकारियों और नेताओं से संबंध बनाए रखना दबाव समूहों का एकनिष्ठ प्रयास होता है। सरकारी प्रणाली को प्रभावित करने के लिए वे अनेक कार्यपद्धतियाँ अपनाते हैं, जो देश की राजनीतिक प्रणाली और समाज के प्रारूप पर निर्भर करती हैं।
तरीके:
(i) याचिकाएँ और निवेदन पत्र।
(ii) इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया से अपनी भावनाएँ सरकार के सामने रखना।
(iii) प्रचार साधनों से जनमत को अपने पक्ष में करना।
(iv) लॉबी करना।
(v) न्यायपालिका को प्रभावित करने का प्रयास: न्यायाधीशों के चयन पर और न्यायिक निर्णयों के लिए अभियान।
(vi) उग्र उपाय: रैलियाँ, धरने, प्रदर्शन, भूख हड़ताल।
(vii) मानवीय उद्देश्यों के लिए प्रबुद्ध जनमत बनाना और राष्ट्रीय अभियान चलाना, जैसे एड्स, आतंकवाद, परमाणु बम के विरुद्ध आंदोलन।
पुस्तक में “न्यायाधीशों की चुनाव प्रक्रिया” छपा है; भारत में न्यायाधीशों की नियुक्ति होती है, इसलिए यहाँ “चयन” लिखा है।