Class 10 Hindi क्षितिज Chapter 11 नौबतखाने में इबादत Important Questions in Hindi

इस अध्याय के परीक्षा-उपयोगी प्रश्न, अंक-वार, हर प्रश्न के पूरे उत्तर के साथ। पहले स्वयं उत्तर लिखने की कोशिश कीजिए, फिर मिलाइए।

1 पठित अंश पर आधारित प्रश्न

पठित गद्यांश (डुमराँव और शहनाई)
अमीरुद्दीन का जन्म डुमराँव, बिहार के एक संगीत प्रेमी परिवार में हुआ है। 5-6 वर्ष डुमराँव में बिताकर वह नाना के घर, ननिहाल काशी में आ गया है। डुमराँव का इतिहास में कोई स्थान बनता हो, ऐसा नहीं लगा कभी भी। पर यह ज़रूर है कि शहनाई और डुमराँव एक-दूसरे के लिए उपयोगी हैं। शहनाई बजाने के लिए रीड का प्रयोग होता है। रीड अंदर से पोली होती है जिसके सहारे शहनाई को फूँका जाता है। रीड, नरकट (एक प्रकार की घास) से बनाई जाती है जो डुमराँव में मुख्यतः सोन नदी के किनारों पर पाई जाती है। इतनी ही महत्ता है इस समय डुमराँव की जिसके कारण शहनाई जैसा वाद्य बजता है। फिर अमीरुद्दीन जो हम सबके प्रिय हैं, अपने उस्ताद बिस्मिल्ला खाँ साहब हैं। उनका जन्म-स्थान भी डुमराँव ही है। इनके परदादा उस्ताद सलार हुसैन खाँ डुमराँव निवासी थे। बिस्मिल्ला खाँ उस्ताद पैगंबरबख्श खाँ और मिट्ठन के छोटे साहबजादे हैं।

(i) 1 अंक अमीरुद्दीन कितने वर्ष डुमराँव में बिताकर ननिहाल काशी आया?
(क) 2-3 वर्ष   (ख) 5-6 वर्ष   (ग) 10-12 वर्ष   (घ) 14 वर्ष
उत्तर: (ख) 5-6 वर्ष
‘5-6 वर्ष डुमराँव में बिताकर वह नाना के घर, ननिहाल काशी में आ गया है।’

(ii) 1 अंक गद्यांश के अनुसार रीड किससे बनाई जाती है?
(क) बाँस की पतली नली से   (ख) पशु के सींग से   (ग) नरकट नाम की घास से   (घ) पीतल की पत्ती से
उत्तर: (ग) नरकट नाम की घास से
‘रीड, नरकट (एक प्रकार की घास) से बनाई जाती है।’

(iii) 1 अंक नरकट डुमराँव में मुख्य रूप से कहाँ पाई जाती है?
(क) सोन नदी के किनारों पर   (ख) गंगा नदी के किनारों पर   (ग) पंचगंगा घाट पर   (घ) डुमराँव के बागों में
उत्तर: (क) सोन नदी के किनारों पर
‘जो डुमराँव में मुख्यतः सोन नदी के किनारों पर पाई जाती है।’

(iv) 1 अंक बिस्मिल्ला खाँ के माता-पिता कौन थे?
(क) उस्ताद सलार हुसैन खाँ और मिट्ठन   (ख) अलीबख्श खाँ और रसूलनबाई   (ग) उस्ताद पैगंबरबख्श खाँ और मिट्ठन   (घ) सादिक हुसैन और बतूलनबाई
उत्तर: (ग) उस्ताद पैगंबरबख्श खाँ और मिट्ठन
‘बिस्मिल्ला खाँ उस्ताद पैगंबरबख्श खाँ और मिट्ठन के छोटे साहबजादे हैं।’ सलार हुसैन खाँ परदादा थे।

(v) 1 अंक कथन (A): शहनाई की दुनिया में डुमराँव को याद किया जाता है।
कारण (R): इतिहास में डुमराँव का बहुत बड़ा स्थान रहा है।
(क) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं, और R, A की सही व्याख्या है।   (ख) A और R दोनों सही हैं, परंतु R, A की सही व्याख्या नहीं है।   (ग) A सही है, परंतु R ग़लत है।   (घ) A ग़लत है, परंतु R सही है।
उत्तर: (ग) A सही है, परंतु R ग़लत है।
A सही है: रीड की नरकट और बिस्मिल्ला खाँ का जन्म, दोनों डुमराँव से जुड़े हैं। R ग़लत है: लेखक कहता है कि डुमराँव का इतिहास में कोई स्थान बनता नहीं लगा।

पठित गद्यांश (मुहर्रम और खाँ साहब)
बिस्मिल्ला खाँ और शहनाई के साथ जिस एक मुस्लिम पर्व का नाम जुड़ा हुआ है, वह मुहर्रम है। मुहर्रम का महीना वह होता है जिसमें शिया मुसलमान हज़रत इमाम हुसैन एवं उनके कुछ वंशजों के प्रति अज़ादारी (शोक मनाना) मनाते हैं। पूरे दस दिनों का शोक। वे बताते हैं कि उनके खानदान का कोई व्यक्ति मुहर्रम के दिनों में न तो शहनाई बजाता है, न ही किसी संगीत के कार्यक्रम में शिरकत ही करता है। आठवीं तारीख उनके लिए खास महत्त्व की है। इस दिन खाँ साहब खड़े होकर शहनाई बजाते हैं व दालमंडी में फातमान के करीब आठ किलोमीटर की दूरी तक पैदल रोते हुए, नौहा बजाते जाते हैं। इस दिन कोई राग नहीं बजता। राग-रागिनियों की अदायगी का निषेध है इस दिन।
उनकी आँखें इमाम हुसैन और उनके परिवार के लोगों की शहादत में नम रहती हैं। अज़ादारी होती है। हज़ारों आँखें नम। हज़ार बरस की परंपरा पुनर्जीवित। मुहर्रम संपन्न होता है। एक बड़े कलाकार का सहज मानवीय रूप ऐसे अवसर पर आसानी से दिख जाता है।

(i) 1 अंक मुहर्रम के महीने में शिया मुसलमान किसके प्रति अज़ादारी मनाते हैं?
(क) बाबा विश्वनाथ के प्रति   (ख) अपने पूर्वज उस्तादों के प्रति   (ग) काशी के पुराने नवाबों के प्रति   (घ) हज़रत इमाम हुसैन और उनके कुछ वंशजों के प्रति
उत्तर: (घ) हज़रत इमाम हुसैन और उनके कुछ वंशजों के प्रति
‘शिया मुसलमान हज़रत इमाम हुसैन एवं उनके कुछ वंशजों के प्रति अज़ादारी मनाते हैं।’

(ii) 1 अंक मुहर्रम के दिनों में खाँ साहब के खानदान के लोग क्या नहीं करते?
(क) घर से बाहर नहीं निकलते   (ख) न शहनाई बजाते हैं, न किसी संगीत कार्यक्रम में शामिल होते हैं   (ग) बालाजी मंदिर नहीं जाते   (घ) किसी से बात नहीं करते
उत्तर: (ख) न शहनाई बजाते हैं, न किसी संगीत कार्यक्रम में शामिल होते हैं
‘न तो शहनाई बजाता है, न ही किसी संगीत के कार्यक्रम में शिरकत ही करता है।’

(iii) 1 अंक मुहर्रम की आठवीं तारीख को खाँ साहब क्या करते हैं?
(क) खड़े होकर शहनाई बजाते हुए दालमंडी में करीब आठ किलोमीटर पैदल रोते हुए नौहा बजाते हैं   (ख) बालाजी मंदिर में भैरव राग बजाते हैं   (ग) संकटमोचन मंदिर की संगीत सभा में बजाते हैं   (घ) पूरे दिन मौन रहकर रियाज़ करते हैं
उत्तर: (क) खड़े होकर शहनाई बजाते हुए दालमंडी में करीब आठ किलोमीटर पैदल रोते हुए नौहा बजाते हैं
गद्यांश में आठवीं तारीख का यही वर्णन है; उस दिन कोई राग नहीं बजता।

(iv) 1 अंक ‘अज़ादारी’ शब्द का अर्थ क्या है?
(क) आज़ादी का उत्सव मनाना   (ख) गरीबों को दान देना   (ग) मातम करना, दुख मनाना   (घ) पूरे दिन उपवास रखना
उत्तर: (ग) मातम करना, दुख मनाना
शब्द-संपदा: अज़ादारी = मातम करना, दुख मनाना। गद्यांश में भी ‘(शोक मनाना)’ लिखा है।

(v) 1 अंक मुहर्रम के अवसर पर खाँ साहब का कौन-सा रूप दिखाई देता है?
(क) कठोर अनुशासन वाले उस्ताद का रूप   (ख) प्रसिद्धि चाहने वाले कलाकार का रूप   (ग) राग-रागिनियों के प्रदर्शन का रूप   (घ) एक बड़े कलाकार का सहज मानवीय रूप
उत्तर: (घ) एक बड़े कलाकार का सहज मानवीय रूप
‘एक बड़े कलाकार का सहज मानवीय रूप ऐसे अवसर पर आसानी से दिख जाता है।’

2 1 अंक के प्रश्न

प्रश्न 1 (1 अंक)

प्र. उस्ताद बिस्मिल्ला खाँ के बचपन का नाम क्या था?

उत्तर: अमीरुद्दीन।

प्रश्न 2 (1 अंक)

प्र. ‘नौबतखाने में इबादत’ गद्य की किस विधा की रचना है?

उत्तर: व्यक्ति-चित्र।

प्रश्न 3 (1 अंक)

प्र. यतींद्र मिश्र किस पत्रिका का संपादन करते हैं?

उत्तर: अर्द्धवार्षिक पत्रिका ‘सहित’ का।

प्रश्न 4 (1 अंक)

प्र. शहनाई को कौन-सी उपाधि दी गई है?

उत्तर: ‘शाहेनय’, यानी सुषिर-वाद्यों में शाह।

प्रश्न 5 (1 अंक)

प्र. ‘नौबतखाना’ किसे कहते हैं?

उत्तर: प्रवेश द्वार के ऊपर मंगल ध्वनि बजाने का स्थान।

प्रश्न 6 (1 अंक)

प्र. बिस्मिल्ला खाँ की पसंदीदा फ़िल्म अभिनेत्री कौन थीं?

उत्तर: सुलोचना।

प्रश्न 7 (1 अंक)

प्र. बिस्मिल्ला खाँ का देहांत कब हुआ?

उत्तर: 21 अगस्त 2006 को, नब्बे वर्ष की आयु में।

प्रश्न 8 (1 अंक)

प्र. ‘इबादत’ शब्द का अर्थ लिखिए।

उत्तर: उपासना।

3 2 अंक के प्रश्न

प्रश्न 1 (2 अंक)

प्र. सुषिर-वाद्य किन्हें कहते हैं? शहनाई को ‘शाहेनय’ क्यों कहा गया?

उत्तर: जिन वाद्यों को फूँककर बजाया जाता है, वे सुषिर-वाद्य कहलाते हैं, जैसे बाँसुरी, शहनाई, नागस्वरम् और बीन। अरब देश में ऐसे नाड़ी वाले वाद्य को ‘नय’ कहते हैं। शहनाई इनमें सबसे श्रेष्ठ मानी गई, इसलिए उसे ‘शाहेनय’ कहा गया।

प्रश्न 2 (2 अंक)

प्र. बिस्मिल्ला खाँ नमाज़ के बाद सज़दे में खुदा से क्या माँगते थे?

उत्तर: खाँ साहब सज़दे में गिड़गिड़ाकर एक सच्चा सुर बख्शने की दुआ करते थे। वे चाहते थे कि उनके सुर में ऐसी तासीर हो कि सुनने वाले का मन भीग जाए और उसकी आँखों से मोती जैसे निर्मल आँसू अपने-आप निकल आएँ। अस्सी बरस तक यही उनकी प्रार्थना रही।

प्रश्न 3 (2 अंक)

प्र. पाठ में बिस्मिल्ला खाँ की तुलना हिरन से क्यों की गई है?

उत्तर: हिरन अपनी ही महक से परेशान होकर पूरे जंगल में वह खुशबू खोजता है जो उसके भीतर ही है। इसी तरह खाँ साहब अस्सी बरस तक सोचते रहे कि उन्हें सुर बरतने की तमीज़ क्यों नहीं आई, जबकि वह उनके भीतर ही थी।

प्रश्न 4 (2 अंक)

प्र. रसूलनबाई और बतूलनबाई का अमीरुद्दीन के जीवन पर क्या प्रभाव पड़ा?

उत्तर: चौदह साल का अमीरुद्दीन रियाज़ के लिए उन्हीं के घर वाले रास्ते से जाता था, जहाँ ठुमरी, टप्पे और दादरा सुनाई देते। खाँ साहब ने माना कि संगीत के प्रति उनकी पहली आसक्ति इन्हीं गायिका बहनों को सुनकर जागी।

प्रश्न 5 (2 अंक)

प्र. बचपन में अमीरुद्दीन फ़िल्में देखने का शौक किस प्रकार पूरा करता था?

उत्तर: थर्ड क्लास का टिकट छः पैसे का था। अमीरुद्दीन दो पैसे मामू से, दो मौसी से और दो नानी से लेकर घंटों लाइन में लगता। बाद में बालाजी मंदिर पर शहनाई बजाने से मिली अठन्नी से सुलोचना की हर नयी फ़िल्म देखता।

प्रश्न 6 (2 अंक)

प्र. कुलसुम हलवाइन की कचौड़ी को ‘संगीतमय कचौड़ी’ क्यों कहा गया है?

उत्तर: कुलसुम जब कलकलाते घी में कचौड़ी डालती, तो छन्न से उठने वाली आवाज़ में खाँ साहब को संगीत के सारे आरोह-अवरोह सुनाई देते थे। इसीलिए लेखक उस कचौड़ी को संगीतमय कहता है और खाँ साहब को ‘रियाज़ी और स्वादी दोनों’।

प्रश्न 7 (2 अंक)

प्र. मामू के वादन के समय ‘सम’ पर पत्थर पटकने के प्रसंग से क्या पता चलता है?

उत्तर: मामू अलीबख्श खाँ जब बजाते हुए सम पर आते, तो बालक अमीरुद्दीन धड़ से पत्थर ज़मीन पर मारता। इससे पता चलता है कि सम की समझ उसमें बचपन में ही आ गई थी, बस दाद देने का सही ढंग उसे नहीं पता था।

प्रश्न 8 (2 अंक)

प्र. बिस्मिल्ला खाँ काशी छोड़कर कहीं और क्यों नहीं जाना चाहते थे?

उत्तर: खाँ साहब को काशी से गहरा लगाव था। यहाँ बालाजी मंदिर, विश्वनाथ जी और गंगा मइया थीं, जिनमें उनकी अपार श्रद्धा थी। वे कहते थे कि मरते दम तक न शहनाई छूटेगी न काशी, क्योंकि उनके लिए इनसे बढ़कर धरती पर कोई जन्नत नहीं।

प्रश्न 9 (2 अंक)

प्र. काशी में हो रहे किन परिवर्तनों से बिस्मिल्ला खाँ व्यथित थे?

उत्तर: पक्का महाल से मलाई बरफ़ बेचने वाले जा चुके थे और देशी घी व कचौड़ी-जलेबी का पहले जैसा स्वाद नहीं रहा। गायक अब संगतियों का आदर नहीं करते थे, घंटों रियाज़ को कोई नहीं पूछता था और कजली, चैती व अदब की परंपराएँ लुप्त हो रही थीं।

प्रश्न 10 (2 अंक)

प्र. पाठ का शीर्षक ‘नौबतखाने में इबादत’ कहाँ तक सार्थक है?

उत्तर: शीर्षक पूरी तरह सार्थक है। बालाजी मंदिर के नौबतखाने में शहनाई बजाना खाँ साहब के लिए नमाज़ जैसी उपासना था। एक मुसलमान कलाकार का मंदिर में संगीत को इबादत मानना कला-साधना और गंगा-जमुनी संस्कृति, दोनों को साथ दिखाता है।

4 3 अंक के प्रश्न

प्रश्न 1 (3 अंक)

प्र. यतींद्र मिश्र का जीवन-परिचय लिखिए। (जीवन, प्रमुख रचनाएँ, भाषा-शैली, साहित्य में स्थान)

उत्तर: जीवन: जन्म सन् 1977 में अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में; लखनऊ विश्वविद्यालय से हिंदी में एम.ए.। अर्द्धवार्षिक पत्रिका ‘सहित’ का संपादन; सन् 1999 से ‘विमला देवी फाउंडेशन’ का संचालन।
रचनाएँ: यदा-कदा, अयोध्या तथा अन्य कविताएँ, ड्योढ़ी पर आलाप (काव्य-संग्रह); गिरिजा (संगीत पर)।
भाषा-शैली: सहज, प्रवाहमयी भाषा; संगीत-शब्दों और उर्दू शब्दों का सहज प्रयोग।
साहित्य में स्थान: संगीत की शास्त्रीय परंपरा के गहरे जानकार; भारत भूषण अग्रवाल कविता सम्मान से सम्मानित।

प्रश्न 2 (3 अंक)

फटा सुर न बख्शें। लुंगिया का क्या है, आज फटी है, तो कल सी जाएगी।

प्र. निम्नलिखित गद्यांश की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।

उत्तर: प्रसंग: यह अंश यतींद्र मिश्र के व्यक्ति-चित्र ‘नौबतखाने में इबादत’ से है। भारतरत्न मिलने के बाद एक शिष्या ने खाँ साहब को फटी तहमद न पहनने को टोका; यह उसी का उत्तर है।
व्याख्या: खाँ साहब के लिए कपड़ों का कोई मोल नहीं, असली पूँजी सुर है। फटी लुंगी सिल जाएगी, पर सुर बिगड़ा तो साधना व्यर्थ हो जाएगी।
विशेष: सादगी और कला-प्रेम; बनारसी बोली; ‘फटा’ शब्द का दो अर्थों में प्रयोग।

प्रश्न 3 (3 अंक)

प्र. उस्ताद बिस्मिल्ला खाँ का चरित्र-चित्रण कीजिए।

उत्तर: बिस्मिल्ला खाँ सच्चे संगीत साधक थे: अस्सी बरस तक सच्चे सुर की दुआ माँगते रहे और भारतरत्न पाकर भी खुद को सीखने वाला मानते रहे। वे पाँचों वक्त के नमाज़ी थे, फिर भी बालाजी, विश्वनाथ और गंगा मइया में अपार श्रद्धा रखते थे। वे सादगी-पसंद और विनम्र थे; फटी तहमद में सबसे मिलते। कचौड़ी और सुलोचना की फ़िल्मों के शौक में उनका सहज मानवीय रूप दिखता है।

प्रश्न 4 (3 अंक)

प्र. ‘बिस्मिल्ला खाँ मिली-जुली संस्कृति के प्रतीक थे।’ पाठ के आधार पर सिद्ध कीजिए।

उत्तर: खाँ साहब पक्के मुसलमान थे: पाँचों वक्त नमाज़ पढ़ते और मुहर्रम में नौहा बजाते थे। साथ ही वे बालाजी मंदिर के नौबतखाने में रियाज़ करते, संकटमोचन मंदिर की संगीत सभा में अवश्य जाते और काशी से बाहर होने पर विश्वनाथ व बालाजी मंदिर की ओर मुँह करके शहनाई बजाते। लेखक उन्हें काशी का ऐसा नायाब हीरा कहता है जो दो कौमों को भाईचारे की प्रेरणा देता रहा।

प्रश्न 5 (3 अंक)

प्र. ‘नौबतखाने में इबादत’ पाठ का मूल संदेश स्पष्ट कीजिए।

उत्तर: पाठ का मूल संदेश है कि संगीत एक आराधना है। इसका शास्त्र जानना ही काफ़ी नहीं, उसका निरंतर अभ्यास ज़रूरी है, और इसके लिए गुरु-शिष्य परंपरा, तन्मयता, धैर्य और मंथन चाहिए। बिस्मिल्ला खाँ में यही लगन थी, इसलिए अस्सी बरस तक उनकी साधना चलती रही। पाठ यह भी बताता है कि सच्चा कलाकार धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर पूरी संस्कृति का प्रतिनिधि बन जाता है।

इसी अध्याय की बाक़ी सामग्री