Class 11 Home Science Chapter 11 वित्तीय प्रबंधन एवं योजना NCERT Solutions

NCERT मानव पारिस्थितिकी और परिवार विज्ञान, भाग 2 (कक्षा 11) के अध्याय 11: वित्तीय प्रबंधन एवं योजना के सभी प्रश्नों के हल। इस अध्याय में पाठ के बीच छह क्रियाकलाप हैं, अंत में “अंत में कुछ और अभ्यास” (9 सत्य/असत्य कथन) और “अंत में कुछ और प्रश्न” (5 प्रश्न) हैं, और फिर प्रयोग 16 है। सबके उत्तर नीचे पुस्तक के क्रम में दिए गए हैं।

1 क्रियाकलाप 1 (पृष्ठ 219): समूह चर्चा

क्रियाकलाप 1

प्र. अपनी कक्षा में ‘‘संचार प्रौद्योगिकी – एक अभिशाप या एक वरदान’’ विषय पर एक समूह चर्चा में भाग लें।

उत्तर: कक्षा को दो समूहों में बाँटें; एक समूह “वरदान” के पक्ष में और दूसरा “अभिशाप” के पक्ष में बोले। चर्चा के लिए कुछ बिंदु:

  • वरदान: मोबाइल और इंटरनेट से तुरंत संपर्क; ऑनलाइन पढ़ाई; बैंक, बिल भुगतान और बचत खातों की जानकारी घर बैठे; दूर रहने वाले परिवार से जुड़ाव
  • अभिशाप: अधिक स्क्रीन समय से स्वास्थ्य और पढ़ाई पर असर; ऑनलाइन धोखाधड़ी; विज्ञापन देखकर बिना योजना की खरीदारी, जिससे परिवार का बजट बिगड़ता है
  • निष्कर्ष: प्रौद्योगिकी अपने आप में न अच्छी है न बुरी; समझदारी और नियंत्रण से उपयोग करने पर यह वरदान है

2 क्रियाकलाप 2 (पृष्ठ 221): परिवार की धन आय के स्रोत

क्रियाकलाप 2

प्र. अपने परिवार को प्रति माह उपलब्ध होने वाले धन आय के सभी स्रोतों की पहचान कीजिए।

उत्तर: धन आय वह क्रय शक्ति है जो रुपये-पैसे के रूप में निश्चित अवधि में पारिवारिक कोष में आती है। अपने परिवार के हर कमाने वाले सदस्य से पूछकर एक तालिका बनाएँ:

सदस्य स्रोत नियमित / अनियमित
पिता वेतन या मज़दूरी, बोनस नियमित
माँ कारोबार से लाभ, कमीशन (यदि हो) अनियमित हो सकता है
दादा-दादी पेंशन, बैंक जमा पर ब्याज नियमित
परिवार मकान या दुकान का किराया, शेयरों पर लाभांश, उपहार किराया नियमित, बाकी अनियमित

अंत में सभी स्रोतों का मासिक योग निकालें। किसान परिवार में फसल (रबी, खरीफ) बेचने पर आय आती है, इसलिए उसे वार्षिक आय को बारह भागों में बाँटकर मासिक आय का अनुमान लगाना होगा।

3 क्रियाकलाप 3 (पृष्ठ 222): प्रत्यक्ष आय के स्रोत

क्रियाकलाप 3

प्र. अपने परिवार की प्रत्यक्ष आय के विभिन्न स्रोतों का पता लगाइए।

उत्तर: प्रत्यक्ष आय में वे वस्तुएँ और सेवाएँ आती हैं जो धन का उपयोग किए बिना परिवार को मिलती हैं। सामान्य स्रोत:

  • परिवार के सदस्यों, विशेषकर महिलाओं की सेवाएँ: भोजन पकाना, कपड़े धोना, सिलाई करना
  • घरेलू बागवानी या अपने खेत से मिलने वाली सब्ज़ियाँ, फल, अनाज
  • अपना घर, जिसका पूरा भुगतान हो चुका है (किराया नहीं देना पड़ता)
  • सामुदायिक सेवाएँ: उद्यान, सड़कें, पुस्तकालय
  • बच्चों को घर पर पढ़ाना, बुज़ुर्गों की देखभाल, घर की छोटी मरम्मत खुद करना

4 क्रियाकलाप 4 (पृष्ठ 224): व्यय के खाते रखने के तरीके

क्रियाकलाप 4

प्र. आपका परिवार जिन तरीकों से व्यय के खातों को रखता है उन तरीकों का पता लगाइए।

उत्तर: परिवार के बड़ों से पूछें और देखें कि इनमें से कौन-से तरीके अपनाए जाते हैं:

  • आकस्मिक अभिलेख: रोज़ का लिखित खाता (डायरी), या प्राप्त बिल और रसीदें संभालकर रखना
  • औपचारिक और विस्तृत खाते: महीने भर का बहीखाता, श्रेणीवार व्यय
  • एकल पत्रक: दरवाज़े या कैबिनेट के पीछे लगा एक पत्रक, जिसमें श्रेणी, आवंटित राशि, व्यय की गई राशि और योग लिखे जाते हैं
  • यांत्रिकीय जाँच: भोजन जैसी किसी मद की राशि अलग लिफ़ाफ़े या पर्स में रखना
  • बैंक की पासबुक या खाता विवरण से खर्च देखना

इन तरीकों से परिवार खर्च की तुलना आवंटित राशि से कर पाता है, अधिक खर्च वाली श्रेणियाँ पहचानता है और बिल-रसीद को भुगतान के प्रमाण के रूप में रखता है।

5 क्रियाकलाप 5 (पृष्ठ 227): परिवार के बचत और निवेश के साधन

क्रियाकलाप 5

प्र. बचत एवं निवेश के विभिन्न साधनों का पता लगाइए जिनका इस्तेमाल आपका परिवार कर रहा है।

उत्तर: परिवार से पूछकर साधनों को दो वर्गों में लिखें:

वित्तीय परिसंपत्ति (आर्थिक रूप से उत्पादक) भौतिक परिसंपत्ति (प्रायः दीर्घकालिक लाभ)
बैंक बचत खाता, सावधि जमा सोना
डाक घर की योजनाएँ, राष्ट्रीय बचत पत्र, किसान विकास पत्र भूमि, घर
लोक भविष्य निधि (PPF), भविष्य निधि घर-गृहस्थी का सामान
जीवन बीमा, चिकित्सा बीमा, पेंशन योजना, म्युचुअल निधि, शेयर

6 क्रियाकलाप 6 (पृष्ठ 229): बैंक की सुविधाएँ

क्रियाकलाप 6

प्र. अपने पड़ोस के बैंक में जाइए तथा ग्राहकों को उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, निवेश तथा बचत विकल्पों के बारे में पूछिए।

उत्तर: शिक्षक या अभिभावक के साथ बैंक जाएँ और इन शीर्षकों में जानकारी लिखें:

  • बचत विकल्प: बचत खाता, आवर्ती जमा, सावधि जमा (अल्पावधि और दीर्घकालीन जमा पर ब्याज दर की तुलना करें)
  • निवेश विकल्प: लोक भविष्य निधि, बीमा, म्युचुअल निधि, पेंशन योजना (कर छूट और लॉक इन अवधि पूछें)
  • सुविधाएँ: पासबुक, ATM कार्ड, ऋण (क्रेडिट) सुविधा, ऋण के लिए माँगे जाने वाले काग़ज़ और संपार्श्विक
  • ग्राहक सेवा: ब्याज की सूचना, परिपक्वता पर भुगतान, शिकायत की व्यवस्था (निवेश उपरांत सेवा का सिद्धांत)

अंत में एक तालिका बनाएँ: विकल्प, ब्याज दर, अवधि, कर छूट (हाँ/नहीं), तरलता (कितनी जल्दी पैसा निकाल सकते हैं)।

7 अंत में कुछ और अभ्यास: सत्य या असत्य

अभ्यास 1

प्र. बताइए कि निम्नलिखित कथन ‘‘सत्य’’ हैं अथवा ‘‘असत्य’’।

(i) बजट धन प्रबंधन के अंतर्गत प्रथम चरण है।
उत्तर: सत्य। बजट भावी व्यय की योजना है और धन पर लागू प्रबंधकीय प्रक्रिया का प्रथम चरण है।

(ii) धन वस्तुओं के आदान-प्रदान के माध्यम के रूप में कार्य करता है।
उत्तर: सत्य। विनिमय का माध्यम होना धन का पहला महत्वपूर्ण कार्य है।

(iii) कारोबार तथा उपहार से प्राप्त लाभ आय के रूप हैं।
उत्तर: सत्य। कारोबार से लाभ और उपहार, दोनों पुस्तक में आय के रूपों की सूची में हैं।

(iv) व्यक्ति को पहले लागत का आकलन करना चाहिए तत्पश्चात बजट बनाते समय आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की सूची बनानी चाहिए।
उत्तर: असत्य। पहले आवश्यक वस्तुओं-सेवाओं की सूची बनती है (चरण 1), फिर उनकी लागत का आकलन (चरण 2)।

(v) आर्थिक संदर्भ में भौतिक परिसंपत्तियों में बचतें उत्पादक होती हैं।
उत्तर: असत्य। भौतिक परिसंपत्तियों (भूमि, घर, सोना) में निवेश आर्थिक रूप से उत्पादक नहीं होता और इससे पूँजी निर्माण नहीं होता; वित्तीय परिसंपत्तियाँ उत्पादक होती हैं।

(vi) कारोबार चक्र में प्रवृत्ति, सुरक्षा के सिद्धांत के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण विचार है।
उत्तर: सत्य। मूल धन की सुरक्षा के उपायों में “व्यवसाय चक्र के मौजूदा चरण को समझना” शामिल है।

(vii) किसी निवेश पर विचार करने एवं निर्णय लेते समय समयावधि का ध्यान नहीं रखा जाना चाहिए।
उत्तर: असत्य। समयावधि (लॉक इन अवधि) निवेश का निर्णय लेने से पहले विचार करने वाला एक महत्वपूर्ण पहलू है।

(viii) क्रेडिट के चार सी चरित्र, क्षमता, पूँजी एवं संपार्श्विक हैं।
उत्तर: सत्य। Character, Capacity, Capital और Collateral ही क्रेडिट के 4 C हैं।

(ix) उद्यम की प्रकृति महत्वपूर्ण सुरक्षा विचार नहीं है।
उत्तर: असत्य। धन कहाँ और किस तरह के उद्यम में लगाया जा रहा है, यह मूलधन की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है; इसीलिए सुरक्षा के उपायों में अलग-अलग कंपनियों और भौगोलिक क्षेत्रों में निवेश, प्रतिभूतियों की किस्म में अंतर और बाज़ार-प्रवृत्तियों का अध्ययन शामिल हैं।

8 प्रश्न (i): वित्त प्रबंधन

प्रश्न (i)

प्र. ‘वित्त प्रबंधन’ से आप क्या समझते हैं?

उत्तर:

  • परिवार के संदर्भ में वित्तीय प्रबंधन का अर्थ है वित्त का प्रबंधन
  • परिवार को मिलने वाली सभी प्रकार की आय वित्त में आती है: वेतन, मज़दूरी, किराया, ब्याज, लाभांश, बोनस, सेवानिवृत्ति लाभ और अन्य आर्थिक प्राप्तियाँ
  • इन सभी प्रकार की आय का उपयोग करने की योजना बनाना, नियंत्रण तथा मूल्यांकन वित्त प्रबंधन कहलाता है
  • इसका उद्देश्य परिवार को उपलब्ध स्रोतों से अधिकतम संतोष देना है
  • जीवन की गुणवत्ता केवल आय की मात्रा पर नहीं, आय की नियमितता तथा स्थिरता पर भी निर्भर है, इसलिए धन प्रबंधन का कौशल ज़रूरी है
  • वित्तीय नियोजन इसका एक घटक है; इस नियोजन चरण को प्रायः बजट कहते हैं, जिसके बाद नियंत्रण और मूल्यांकन आते हैं

9 प्रश्न (ii): आय के प्रकार

प्रश्न (ii)

प्र. विभिन्न प्रकार की आय पर चर्चा करें।

उत्तर: पारिवारिक आय तीन प्रकार की होती है:

(क) धन आय (मुद्रा आय):

  • रुपयों तथा पैसों के रूप में क्रय शक्ति, जो निश्चित अवधि में पारिवारिक कोष में आती है
  • मज़दूरी, वेतन, बोनस, कमीशन, किराया, लाभांश, ब्याज, सेवानिवृत्ति आय, रॉयल्टी, भत्ते के रूप में मिलती है
  • यह वस्तुओं और सेवाओं पर खर्च होती है; एक भाग बचत या निवेश में जाता है
  • किसान की आय अनियमित (फसल बेचने पर), नौकरीपेशा की नियमित

(ख) वास्तविक आय: निश्चित अवधि में ज़रूरतें पूरी करने के लिए उपलब्ध वस्तुओं एवं सेवाओं का प्रवाह। यह प्रवाह है, धन से मिल भी सकती है और नहीं भी, और इसमें समय सम्मिलित है। इसके दो प्रकार हैं:

  • प्रत्यक्ष आय: धन के बिना मिलने वाली वस्तुएँ-सेवाएँ, जैसे भोजन पकाना, कपड़े धोना, सिलाई, घरेलू बागवानी, पूरा भुगतान किया हुआ घर, उद्यान, सड़कें, पुस्तकालय
  • अप्रत्यक्ष आय: विनिमय (सामान्यतया धन) के बाद मिलने वाली वस्तुएँ-सेवाएँ, जैसे धन देकर अच्छी किस्म की सब्ज़ी ख़रीदना, जिसमें व्यक्ति की योग्यता और कौशल लगता है

(ग) मानसिक आय: सेवाओं तथा माल के स्वामित्व एवं उपयोग से मिलने वाला संतोष। इसे रुपयों में बताना कठिन है; यह गुप्त आय का रूप है, अगोचर है, पर जीवन की गुणवत्ता के लिए बहुत आवश्यक है।

10 प्रश्न (iii): बजट बनाने के चरण

प्रश्न (iii)

प्र. बजट बनाने में सम्मिलित चरणों की चर्चा करें।

उत्तर: बजट बनाने के मुख्यतया पाँच चरण हैं:

  1. सूची और समूह: बजट की अवधि में सदस्यों के लिए आवश्यक वस्तुओं-सेवाओं की सूची बनाएँ और उन्हें समूहों में बाँटें: भोजन, आवास, घरेलू कार्य (ईंधन), शिक्षा, परिवहन, वस्त्र, आय कर, चिकित्सा, व्यक्तिगत भत्ते, विविध (मनोरंजन, साज-सज्जा), भविष्य के लिए प्रावधान (बचत, सेवानिवृत्ति)।
  2. लागत का पूर्व आकलन: हर वर्ग और पूरे बजट का योग करते हुए लागत का अनुमान; बाज़ार प्रवृत्ति देखें, कीमतें बढ़ रही हों तो पर्याप्त गुंजाइश रखें।
  3. आय का अनुमान: कुल संभावित आय को सुनिश्चित और संभावित, दो शीर्षकों में रखें; आवश्यकताएँ सुनिश्चित आय से, ‘अच्छी किंतु आवश्यक नहीं’ मदें संभावित आय से।
  4. संतुलन: व्यय आय से अधिक हो तो आय बढ़ाएँ (अतिरिक्त कार्य) या व्यय घटाएँ (बाहर जाना या उत्सवों का खर्च कम करके)।
  5. योजना की जाँच: परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति; आपातकाल के लिए अलग संयुक्त निधि; समाशोधन (बिल या ऋण देय होने पर भुगतान); राष्ट्रीय और विश्वव्यापी दशाएँ, जैसे वैश्विक आर्थिक मंदी; परिवार के दीर्घकालिक लक्ष्य।

11 प्रश्न (iv): धन प्रबंधन में नियंत्रण

प्रश्न (iv)

प्र. वे कौन से नियंत्रण हैं जिसका उपयोग धन प्रबंधन में किया जा सकता है?

उत्तर: नियोजन के बाद धन प्रबंधन में नियंत्रण दूसरा कदम है। यह दो प्रकार का होता है: जाँच करना कि योजना कैसे आगे बढ़ रही है, और जहाँ ज़रूरी हो वहाँ समायोजन करना।

1. मानसिक एवं यांत्रिकीय जाँच

  • मानसिक जाँच: आवंटन को मन में इकाइयों में बाँटना; जैसे ₹1000 बड़ी राशि लगे, पर जूते, उत्सव की पोशाक और पुस्तकें लेनी हों तो कुल राशि और कीमत देखकर सावधानी से चुनना
  • यांत्रिकीय जाँच: किसी मद की नकद राशि अलग निकाल लेना; जैसे भोजन का महीने का पैसा अलग पर्स या लिफ़ाफ़े में; पैसा अचानक खत्म हो तो पता चलता है कि धन कितनी तेज़ी से खर्च हो रहा है

2. अभिलेख एवं खाते

  • आकस्मिक (रोज़ का खाता, बिल रखना) या औपचारिक और विस्तृत
  • खर्च की तुलना आवंटित राशि से; अधिक या कम खर्च वाली श्रेणियों की पहचान; बिल-रसीद भुगतान का प्रमाण
  • एकल पत्रक विधि: सरल, लचीली; श्रेणी, आवंटित राशि, व्यय की गई राशि और योग के स्तंभ (भोजन, आवास, वस्त्र, शिक्षा, चिकित्सा, कोई अन्य)

3. समायोजन: आपातकाल, बिना योजना की खरीदारी या अपर्याप्त जाँच से योजना बिगड़े तो उसे सही दिशा में लाना।

इसके बाद मूल्यांकन अंतिम कदम है: उचित मूल्य मिला या नहीं, बिल चुकाने की सामर्थ्य, भविष्य की व्यवस्था और आर्थिक स्थिति में सुधार।

12 प्रश्न (v): विवेकपूर्ण निवेशों के सिद्धांत

प्रश्न (v)

प्र. विवेकपूर्ण निवेशों के अंतर्निहित सिद्धांतों पर चर्चा करें।

उत्तर: बचत का निवेश बुद्धिमानी से होना चाहिए, ताकि अच्छी वापसी मिले, धन सुरक्षित रहे और ज़रूरत पर उपलब्ध हो। इसके सिद्धांत:

  1. मूल धन राशि की सुरक्षा: मूलधन सबसे महत्वपूर्ण कारक है। उपाय: NSC, PPF, किसान विकास पत्र, सावधि जमा जैसी प्रतिभूतियाँ; अलग भौगोलिक क्षेत्रों की कंपनियाँ; अलग कंपनियों के शेयर-बंधपत्र; बाज़ार-प्रवृत्तियों का अध्ययन; प्रतिभूतियों की किस्म में अंतर; व्यवसाय चक्र का चरण समझना।
  2. प्रतिलाभ की तर्कसंगत दर: दर जितनी अधिक, जोखिम उतना अधिक; सुरक्षा और दर विलोमानुपाती। निवेश पर निर्भर लोगों के लिए आय की नियमितता अधिक महत्त्वपूर्ण; ब्याज दर और खतरे की तुलना करें।
  3. तरलता: मूल्य खोए बिना नकदी में बदलने की योग्यता; अधिक तरल निवेश पर आय कम, इसलिए आय और तरलता में संतुलन।
  4. वैश्विक स्थितियों के प्रभाव की मान्यता: कारोबार प्रवृत्ति के बदलाव सुरक्षा को प्रभावित करते हैं; परिवार अपनी बचत का अर्थव्यवस्था पर प्रभाव समझे; चक्र के अलग-अलग चरणों पर निवेश की इच्छा या अनिच्छा चक्र की चरम सीमा को कम करने में प्रभावी होती है।
  5. सुलभ पहुँच तथा सुविधा: निवेश की सफलता के लिए अपेक्षित जानकारी हो, वरना प्रबंधन की समस्याएँ न देख पाने से हानि हो सकती है।
  6. आवश्यक वस्तुओं में निवेश: निवेश ज्ञात भावी ज़रूरत के समय परिपक्व हो, जैसे बच्चे की उच्च शिक्षा।
  7. कर कुशलता: आयकर अधिनियम के उपबंधों का लाभ; बीमा, कर्मचारी भविष्य निधि, PPF पर विशिष्ट सीमा तक कर छूट।
  8. निवेश उपरांत सेवा: आसान नकदीकरण, अच्छा संचार, ब्याज/लाभांश वारंट और देय राशि समय पर, परिवर्तनों की सूचना।
  9. समयावधि: लॉक इन अवधि पर विचार; लंबी अवधि पर अधिक वापसी; ज़रूरत के अनुसार चयन।
  10. क्षमता: क्षमता से अधिक निवेश नहीं; वर्तमान और भावी ज़रूरतों में संतुलन।

13 प्रयोग 16: विद्यालय के उत्सव का बजट

प्रयोग 16

प्र. आपके विद्यालय में आयोजित किसी उत्सव के लिए एक बजट की योजना बनाइए। प्रत्येक शीर्षक के अंतर्गत एक उदाहरण दिया गया है। विद्यार्थियों की संख्या – 30; अध्यापकों की संख्या – 5।

उत्तर: बजट के चरणों के अनुसार: पहले मदों की सूची, फिर बाज़ार से पूछकर लागत, फिर कुलयोग की उपलब्ध राशि से तुलना। कुल 35 लोगों (30 + 5) के लिए एक नमूना बजट (पुस्तक के तीन उदाहरण-मूल्यों को छोड़कर बाकी राशियाँ उदाहरण के लिए मानी गई हैं; अपने क्षेत्र की कीमतें लिखें):

क्र.सं. मद (₹)
1. स्थान व्यवस्था, सज्जा क) फूल 100.00
ख) रंगोली के रंग 80.00
ग) गुब्बारे 60.00
घ) दरी का किराया 150.00
उपयोग (उप-योग) 390.00
2. भोजन क) मिठाई (प्रसाद) 200.00
ख) फल 150.00
ग) पानी और गिलास 50.00
उपयोग 400.00
3. लेखन सामग्री क) रंगीन कागज़ 200.00
ख) मार्कर और स्केच पेन 60.00
ग) गोंद और टेप 40.00
उपयोग 300.00
4. विविध क) परिवहन 100.00
ख) पोशाक (घर की पोशाक, खर्च नहीं) 0.00
ग) उपहार (अतिथि के लिए) 150.00
उपयोग 250.00
कुलयोग 1340.00
  • जो मद लागू न हो, उसे काट दें (पुस्तक की टिप्पणी)
  • कुलयोग उपलब्ध राशि से अधिक हो तो पहले ‘अच्छी किंतु आवश्यक नहीं’ मदें (जैसे गुब्बारे, उपहार) घटाएँ; आवश्यक मदें (प्रसाद, पानी) बनी रहें
  • उत्सव के बाद वास्तविक खर्च लिखकर बजट से तुलना करें; यही नियंत्रण और मूल्यांकन है