CBSE Class 12 राजनीति विज्ञान (Political Science) Sample Paper 1 2026-27 with Marking Scheme (Hindi Medium)

यही पेपर पढ़ें:English Mediumहिंदी माध्यम

पैटर्न: CBSE 2026-27 का आधिकारिक प्रतिदर्श प्रश्न-पत्र (SQP) डिज़ाइन · अधिकतम अंक: 80 · समय: 3 घंटे। पहले पेपर हल करें, फिर सबसे नीचे अंकन योजना खोलकर अपने उत्तर जाँचें।

ANSHUL ACADEMY · anshulacademy.in

राजनीति विज्ञान (028)

प्रतिदर्श प्रश्न-पत्र 1 (Sample Paper 1)
कक्षा: XII (2026-27) · हिंदी माध्यम
निर्धारित समय: 3 घंटेअधिकतम अंक: 80

सामान्य निर्देश:

  1. इस प्रश्न-पत्र में कुल 30 प्रश्न हैं, जो पाँच खंडों (क, ख, ग, घ और ङ) में बँटे हैं।
  2. सभी प्रश्न अनिवार्य हैं।
  3. खंड क में प्रश्न संख्या 1 से 12 तक बहुविकल्पीय प्रश्न हैं। प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का है।
  4. खंड ख में प्रश्न संख्या 13 से 18 तक प्रत्येक प्रश्न 2 अंक का है। प्रत्येक प्रश्न का उत्तर 50 से 60 शब्दों से अधिक नहीं होना चाहिए।
  5. खंड ग में प्रश्न संख्या 19 से 23 तक प्रत्येक प्रश्न 4 अंक का है। प्रत्येक प्रश्न का उत्तर 100 से 120 शब्दों से अधिक नहीं होना चाहिए। इनमें से दो प्रश्नों में आंतरिक विकल्प है।
  6. खंड घ में प्रश्न संख्या 24 से 26 तक आलेख (आँकड़े), अनुच्छेद और मानचित्र पर आधारित प्रश्न हैं। प्रत्येक प्रश्न 4 अंक का है। इनके उत्तर निर्देश के अनुसार दीजिए। मानचित्र को उत्तर-पुस्तिका के साथ नत्थी करें।
  7. खंड ङ में प्रश्न संख्या 27 से 30 तक प्रत्येक प्रश्न 6 अंक का है। प्रत्येक प्रश्न का उत्तर 170 से 180 शब्दों से अधिक नहीं होना चाहिए।
  8. 6 अंकों वाले सभी प्रश्नों में आंतरिक विकल्प है। विकल्प वाले प्रश्नों में केवल एक ही विकल्प का उत्तर लिखना है।
  9. प्रश्न संख्या 24 और 26 के स्थान पर दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए अलग प्रश्न दिए गए हैं। ऐसे प्रश्न केवल दृष्टिबाधित परीक्षार्थी ही हल करें।
खंड क: बहुविकल्पीय प्रश्न (12 × 1 = 12)
प्र. सं.
अंक
1
1 अंक

दक्षिण एशिया के देशों के बारे में दिए गए कथनों को पढ़िए और सही विकल्प चुनिए:

कथन I: 1975 में शेख मुजीबुर्रहमान ने संविधान में संशोधन कराया, जिससे बांग्लादेश में संसदीय प्रणाली की जगह अध्यक्षात्मक शासन प्रणाली को मान्यता मिली।

कथन II: 2008 में नेपाल ने राजतंत्र को समाप्त किए बिना संवैधानिक राजतंत्र अपना लिया।

(क) कथन I और कथन II दोनों सही हैं।
(ख) कथन I और कथन II दोनों ग़लत हैं।
(ग) कथन I सही है, परंतु कथन II ग़लत है।
(घ) कथन I ग़लत है, परंतु कथन II सही है।
1
2
1 अंक

1969 के राष्ट्रपति पद के चुनाव में इंदिरा गाँधी के प्रोत्साहन से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में कौन विजयी हुआ?
(क) एन. संजीव रेड्डी
(ख) वी.वी. गिरि
(ग) ज़ाकिर हुसैन
(घ) एस. निजलिंगप्पा
1
3
1 अंक

दक्षेस (सार्क) से जुड़ी निम्नलिखित घटनाओं को कालक्रम के अनुसार (पहले से बाद) व्यवस्थित कीजिए:

  1. अफ़ग़ानिस्तान दक्षेस का सदस्य बना।
  2. ढाका में दक्षेस के पहले सम्मेलन में घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर हुए।
  3. गंगा नदी के पानी में हिस्सेदारी पर भारत और बांग्लादेश के बीच फरक्का संधि हुई।
  4. दक्षेस देशों में आपसी व्यापार में वरीयता देने की संधि (साप्टा) पर हस्ताक्षर हुए।
(क) (i), (ii), (iii), (iv)
(ख) (ii), (iii), (iv), (i)
(ग) (iv), (ii), (i), (iii)
(घ) (ii), (iv), (iii), (i)
1
4
1 अंक

भारत संयुक्त राष्ट्रसंघ में किस तिथि को शामिल हुआ?
(क) 30 अक्टूबर 1945
(ख) 24 अक्टूबर 1945
(ग) 26 जून 1945
(घ) 15 अगस्त 1947
1
5
1 अंक

नीचे दो कथन दिए गए हैं, जिन्हें अभिकथन (A) और कारण (R) कहा गया है। इन्हें ध्यान से पढ़िए और नीचे दिए गए विकल्पों में से सही विकल्प चुनिए:

अभिकथन (A): एक प्रमुख मत के अनुसार वैश्वीकरण के कारण राज्य की क्षमता, यानी सरकारों को जो करना है उसे करने की ताक़त, में कमी आती है।

कारण (R): कल्याणकारी राज्य की जगह न्यूनतम हस्तक्षेपकारी राज्य ने ले ली है और अब बाज़ार आर्थिक और सामाजिक प्राथमिकताओं का प्रमुख निर्धारक है।

(क) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं, और कारण (R), अभिकथन (A) की सही व्याख्या है।
(ख) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं, परंतु कारण (R), अभिकथन (A) की सही व्याख्या नहीं है।
(ग) अभिकथन (A) ग़लत है, परंतु कारण (R) सही है।
(घ) अभिकथन (A) सही है, परंतु कारण (R) ग़लत है।
1
6
1 अंक

दूसरी पंचवर्षीय योजना के बारे में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही है?
(क) इसमें सबसे ज़्यादा ज़ोर कृषि, बाँध और सिंचाई पर था।
(ख) इसे के.एन. राज के ‘धीमी चाल’ वाले तर्क के आधार पर बनाया गया था।
(ग) पी.सी. महालनोबिस के नेतृत्व में बनी इस योजना में भारी उद्योगों के विकास पर ज़ोर था।
(घ) इसके बाद सीधे चौथी पंचवर्षीय योजना शुरू हुई।
1
7
1 अंक

निम्नलिखित में से कौन-सा युग्म सही सुमेलित नहीं है?
(क) विश्व बैंक: 1944 में औपचारिक स्थापना
(ख) विश्व व्यापार संगठन: 1995 में स्थापना
(ग) अंतर्राष्ट्रीय आण्विक ऊर्जा एजेंसी: 1957 में स्थापना
(घ) एमनेस्टी इंटरनेशनल: संयुक्त राष्ट्रसंघ की एक विशेष एजेंसी
1
8
1 अंक

1971 के लोकसभा चुनाव में इंदिरा गाँधी ने अपने सकारात्मक कार्यक्रम को किस नारे के ज़रिए शक्ल दी?
(क) इंदिरा हटाओ
(ख) गरीबी हटाओ
(ग) जय जवान जय किसान
(घ) गैर-कांग्रेसवाद
1
9
1 अंक

स्तंभ I को स्तंभ II से सुमेलित कीजिए और सही विकल्प चुनिए:

स्तंभ I स्तंभ II
a. बामसेफ i. अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए शिक्षा संस्थाओं और सरकारी नौकरियों में 27 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की सिफ़ारिश
b. कांशीराम ii. 1978 में बना कर्मचारियों का संगठन, जिसने ‘बहुजन’ की राजनीतिक सत्ता की तरफ़दारी की
c. इंदिरा साहनी केस iii. बहुजन समाज पार्टी की अगुआई
d. मंडल आयोग iv. नवंबर 1992 में सर्वोच्च न्यायालय ने सरकार के आरक्षण संबंधी निर्णय को सही ठहराया
(क) a-i, b-ii, c-iii, d-iv
(ख) a-iii, b-ii, c-i, d-iv
(ग) a-ii, b-iv, c-iii, d-i
(घ) a-ii, b-iii, c-iv, d-i
1
10
1 अंक

योजना आयोग के बारे में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

  1. इसकी स्थापना मार्च 1950 में भारत सरकार ने एक सीधे-सादे प्रस्ताव के ज़रिए की।
  2. यह संविधान द्वारा स्थापित एक आयोग था।
  3. यह सलाहकार की भूमिका निभाता था और इसकी सिफ़ारिशें तभी प्रभावी होती थीं जब मंत्रिमंडल उन्हें मंज़ूर करे।

सही कथन चुनिए:

(क) केवल (i) और (iii)
(ख) केवल (ii)
(ग) (i), (ii) और (iii)
(घ) केवल (ii) और (iii)
1
11
1 अंक

नव-उदारवादी वैश्वीकरण के विरोध के विश्वव्यापी मंच ‘वर्ल्ड सोशल फ़ोरम’ की चौथी बैठक 2004 में कहाँ हुई थी?
(क) पोर्टो अलगेरे
(ख) मुंबई
(ग) सिएट्ल
(घ) नैरोबी
1
12
1 अंक

1989 के बाद की गठबंधन राजनीति के बारे में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(क) 1984 में 415 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 1989 के चुनाव में केवल 197 सीटें जीत सकी।
(ख) 1989 में भाजपा और वाम मोर्चा दोनों ने राष्ट्रीय मोर्चा की सरकार को समर्थन दिया।
(ग) 1996 में बनी संयुक्त मोर्चा की सरकार को भाजपा ने समर्थन दिया।
(घ) 2004 में बनी संप्रग सरकार को वाम मोर्चा ने समर्थन दिया।
1
खंड ख: लघु उत्तरीय प्रश्न I (6 × 2 = 12)
प्र. सं.
अंक
13
2 अंक

भारत में वैश्वीकरण के प्रतिरोध के किन्हीं दो रूपों का उल्लेख कीजिए।
2
14
2 अंक

सोवियत प्रणाली की कोई दो विशेषताएँ बताइए।
2
15
2 अंक

‘विश्व की साझी संपदा’ (मानवता की साझी विरासत) से आप क्या समझते हैं? इसके कोई दो उदाहरण दीजिए।
2
16
2 अंक

भारत-विभाजन (1947) के कोई दो परिणाम बताइए।
2
17
2 अंक

कांग्रेस का ‘सिंडिकेट’ क्या था? कांग्रेस की राजनीति में इसकी भूमिका बताइए।
2
18
2 अंक

आनंदपुर साहिब प्रस्ताव (1973) में क्या माँगें उठाई गई थीं? कोई दो बताइए।
2
खंड ग: लघु उत्तरीय प्रश्न II (5 × 4 = 20)
प्र. सं.
अंक
19
4 अंक

‘शॉक थेरेपी’ जनता को उपभोग के उस ‘आनंदलोक’ तक नहीं ले गई जिसका उसने वादा किया था। इस कथन के पक्ष में कोई चार तर्क दीजिए।
4
20
4 अंक

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के किन्हीं चार मुद्दों का विश्लेषण कीजिए।
4
21A
4 अंक

पर्यावरण से जुड़े अंतर्राष्ट्रीय मसलों पर भारत के पक्ष की व्याख्या कीजिए। (कोई चार बिंदु)
4
अथवा
21B
4 अंक

‘साझी परंतु अलग-अलग ज़िम्मेदारियाँ’ के सिद्धांत की व्याख्या कीजिए। विकासशील देश इसका समर्थन क्यों करते हैं?
4
22A
4 अंक

‘आज़ादी के समय तक कांग्रेस एक सामाजिक और विचारधारात्मक गठबंधन बन चुकी थी।’ इस कथन की पुष्टि कीजिए।
4
अथवा
22B
4 अंक

एक दल के प्रभुत्व के दौर में विपक्षी दलों को बहुत कम सीटें मिलीं, फिर भी लोकतंत्र में उनकी भूमिका महत्त्वपूर्ण रही। कोई चार तर्क देकर स्पष्ट कीजिए।
4
23
4 अंक

1975 के आपातकाल से पहले देश के आर्थिक संदर्भ का विश्लेषण कीजिए, जिसने असंतोष को बढ़ाया। (कोई चार बिंदु)
4
खंड घ: आलेख, अनुच्छेद और मानचित्र आधारित प्रश्न (3 × 4 = 12)
प्र. सं.
अंक
24
4 अंकनीचे दिए गए आलेख का अध्ययन कीजिए और उस पर आधारित प्रश्नों के उत्तर दीजिए:

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में छह प्रमुख सदस्य देशों के मताधिकार का स्तंभ आलेख
आँकड़े: NCERT, समकालीन विश्व राजनीति, अध्याय 4 (19 फ़रवरी 2024 की स्थिति; कुल सदस्य 190; समूह-7 के देशों के पास कुल 41.29 प्रतिशत मत)
I
आलेख के अनुसार अमरीका के बाद अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में सबसे अधिक मताधिकार किस देश के पास है?

(क) भारत
(ख) चीन
(ग) रूस
(घ) ब्राज़ील
1
II
भारत के मताधिकार के बारे में कौन-सा कथन आलेख से मेल खाता है?

(क) भारत का हिस्सा रूस से कम है।
(ख) भारत और ब्राज़ील का हिस्सा बराबर है।
(ग) भारत का हिस्सा चीन से अधिक है।
(घ) भारत का हिस्सा रूस से थोड़ा अधिक, पर चीन से कम है।
1
III
190 सदस्य देशों वाले इस संगठन में समूह-7 के देशों के पास 41.29 प्रतिशत मत हैं और अकेले अमरीका के पास 16.52 प्रतिशत। इससे कौन-सा निष्कर्ष निकलता है?

(क) निर्णय लेने में धनी औद्योगिक देशों का प्रभाव कहीं ज़्यादा है।
(ख) हर सदस्य की राय का वज़न बराबर है।
(ग) समूह-7 के देशों के पास मतों का बहुमत है।
(घ) हर निर्णय सभी 190 देशों की सर्वसम्मति से होता है।
1
IV
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का मुख्य काम क्या है?

(क) वैश्विक व्यापार के नियम तय करना
(ख) परमाण्विक ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना
(ग) वैश्विक स्तर की वित्त-व्यवस्था की देखरेख करना और माँगे जाने पर वित्तीय तथा तकनीकी सहायता देना
(घ) मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अभियान चलाना
1
टिप्पणी: निम्नलिखित प्रश्न केवल दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए प्रश्न संख्या 24 के स्थान पर हैं।

I
वैश्विक स्तर की वित्त-व्यवस्था की देखरेख करने वाले अंतर्राष्ट्रीय संगठन का नाम लिखिए।
1
II
विश्व बैंक की गतिविधियाँ प्रमुख रूप से किन देशों से संबंधित हैं?
1
III
विश्व व्यापार संगठन किस समझौते के उत्तराधिकारी के रूप में काम करता है?
1
IV
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में समूह-7 के देशों के पास कुल कितने प्रतिशत मत हैं?
1
4
25
4 अंकनीचे दिए गए अनुच्छेद को पढ़िए और उस पर आधारित प्रश्नों के लिए सबसे उपयुक्त उत्तर चुनिए:

मिजोरम

आज़ादी के बाद मिजो पर्वतीय क्षेत्र को असम के भीतर ही एक स्वायत्त जिला बना दिया गया था। कुछ मिजो लोगों का मानना था कि वे कभी भी ‘ब्रिटिश इंडिया’ के अंग नहीं रहे इसलिए भारत संघ से उनका कोई नाता नहीं है। 1959 में मिजो पर्वतीय इलाके में भारी अकाल पड़ा। असम की सरकार इस अकाल में समुचित प्रबंध करने में नाकाम रही। इसी के बाद अलगाववादी आंदोलन को जनसमर्थन मिलना शुरू हुआ। मिजो लोगों ने गुस्से में आकर लालडेंगा के नेतृत्व में मिजो नेशनल फ्रंट बनाया। 1966 में मिजो नेशनल फ्रंट ने आज़ादी की माँग करते हुए सशस्त्र अभियान शुरू किया। इस तरह भारतीय सेना और मिजो विद्रोहियों के बीच दो दशक तक चली लड़ाई की शुरुआत हुई। मिजो नेशनल फ्रंट ने गुरिल्ला युद्ध किया। उसे पाकिस्तान की सरकार ने समर्थन दिया था और तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान में मिजो विद्रोहियों ने अपने ठिकाने बनाए। … दो दशकों तक चले बगावत में हर पक्ष को हानि उठानी पड़ी। इसी बात को भाँपकर दोनों पक्षों के नेतृत्व ने समझदारी से काम लिया। पाकिस्तान में निर्वासित जीवन जी रहे लालडेंगा भारत आए और उन्होंने भारत सरकार के साथ बातचीत शुरू की। राजीव गाँधी ने इस बातचीत को एक सकारात्मक समाधान तक पहुँचाया। 1986 में राजीव गाँधी और लालडेंगा के बीच एक शांति समझौता हुआ। समझौते के अंतर्गत मिजोरम को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला और उसे कुछ विशेष अधिकार दिए गए। मिजो नेशनल फ्रंट अलगाववादी संघर्ष की राह छोड़ने पर राजी हो गया। लालडेंगा मुख्यमंत्री बने।

स्रोत: NCERT, स्वतंत्र भारत में राजनीति (कक्षा 12), अध्याय 7 ‘क्षेत्रीय आकांक्षाएँ’
I
1959 के बाद मिजो अलगाववादी आंदोलन को जनसमर्थन मिलने का तात्कालिक कारण क्या था?

(क) असम सरकार ने मिजो पर्वतीय क्षेत्र को पूर्ण राज्य बना दिया।
(ख) भारत सरकार ने स्वायत्त ज़िले का दर्जा समाप्त कर दिया।
(ग) मिजो नेशनल फ्रंट ने विधानसभा चुनाव जीत लिया।
(घ) भारी अकाल में असम सरकार समुचित प्रबंध करने में नाकाम रही।
1
II
मिजो नेशनल फ्रंट के सशस्त्र अभियान को किसका समर्थन प्राप्त था?

(क) पाकिस्तान की सरकार का, जिसके पूर्वी हिस्से में विद्रोहियों के ठिकाने थे
(ख) असम की सरकार का
(ग) म्यांमार की सेना का
(घ) बांग्लादेश की सरकार का
1
III
1986 का शांति समझौता किनके बीच हुआ?

(क) इंदिरा गाँधी और लालडेंगा
(ख) राजीव गाँधी और लालडेंगा
(ग) राजीव गाँधी और असम के मुख्यमंत्री
(घ) मोरारजी देसाई और लालडेंगा
1
IV
मिजोरम का अनुभव क्षेत्रीय आकांक्षाओं से निपटने के बारे में कौन-सा सबक देता है?

(क) सैन्य कार्रवाई ही ऐसी समस्याओं का स्थायी समाधान है।
(ख) अलगाववादी माँगें कभी शांत नहीं होतीं।
(ग) बातचीत और लोकतांत्रिक समझौते से टिकाऊ शांति संभव है।
(घ) क्षेत्रीय माँगें मानने से देश की एकता कमज़ोर होती है।
1
4
26
4 अंक

भारत के दिए गए रेखा-मानचित्र (प्रश्न-पत्र के अंतिम पृष्ठ पर) में चार राज्यों को (A), (B), (C) और (D) से अंकित किया गया है। नीचे दी गई जानकारी के आधार पर इन्हें पहचानिए और उत्तर-पुस्तिका में नीचे दी गई तालिका के प्रारूप में जानकारी की क्रम संख्या, मानचित्र में दिया गया अक्षर और राज्य का सही नाम लिखिए:

  1. वह रियासत (आज का राज्य) जहाँ भारत में पहली बार सार्वभौम वयस्क मताधिकार के सिद्धांत को अपनाकर चुनाव हुए।
  2. वह राज्य जो 1963 में ही राज्य बन गया था।
  3. वह राज्य जो 2 जून 2014 को नए राज्य के रूप में जुड़ा।
  4. 1966 में पंजाबी-भाषी इलाके को इस नाम से राज्य का दर्जा दिया गया।
जानकारी की क्रम संख्या मानचित्र में दिया गया अक्षर राज्य का नाम
(i)
(ii)
(iii)
(iv)
टिप्पणी: निम्नलिखित प्रश्न केवल दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए प्रश्न संख्या 26 के स्थान पर हैं।

I
मणिपुर के किस महाराजा ने आज़ादी के चंद रोज़ पहले भारतीय संघ में विलय के सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर किए?
1
II
एक जन-आंदोलन के बाद महाराष्ट्र और गुजरात राज्य किस वर्ष बनाए गए?
1
III
सन् 2000 में बने किसी एक राज्य का नाम लिखिए।
1
IV
1972 में असम से अलग करके कौन-सा राज्य बनाया गया?
1
4
खंड ङ: दीर्घ उत्तरीय प्रश्न (4 × 6 = 24)
प्र. सं.
अंक
27A
6 अंक

1962 के चीनी आक्रमण की पृष्ठभूमि बताइए और भारत पर इसके परिणामों का विश्लेषण कीजिए। (2 + 4)
6
अथवा
27B
6 अंक

भारत की परमाणु नीति के विकास की व्याख्या कीजिए। भारत ने परमाणु अप्रसार संधि का विरोध क्यों किया?
6
28A
6 अंक

आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संगठन) के उदय, उद्देश्यों और ‘आसियान शैली’ की व्याख्या कीजिए। यह एक प्रभावशाली क्षेत्रीय संगठन क्यों बन रहा है?
6
अथवा
28B
6 अंक

जापान और दक्षिण कोरिया को एशिया में सत्ता के उभरते केंद्र क्यों माना जाता है? दोनों के बारे में तीन-तीन तर्क दीजिए।
6
29A
6 अंक

भारत की सुरक्षा-नीति के चार बड़े घटकों की व्याख्या कीजिए।
6
अथवा
29B
6 अंक

सुरक्षा के लिए खतरे के किन्हीं चार नए स्रोतों की व्याख्या कीजिए। इनसे निपटने के लिए ‘सहयोगमूलक सुरक्षा’ क्यों ज़रूरी है? (4 + 2)
6
30A
6 अंक

‘कड़े मुक़ाबले और संघर्षों के बावजूद अधिकतर राजनीतिक दलों के बीच एक व्यापक सहमति उभरी है।’ इस सहमति के चार तत्त्वों की व्याख्या कीजिए।
6
अथवा
30B
6 अंक

2004 से 2019 तक के लोकसभा चुनावों के आधार पर स्पष्ट कीजिए कि इस अवधि में भारत की दलीय प्रतिस्पर्धा कैसे बदली।
6
॥ प्रश्न-पत्र समाप्त ॥

प्रश्न संख्या 26 (खंड घ) के लिए मानचित्र

प्रश्न 26 के लिए भारत का रेखा-मानचित्र, जिस पर A, B, C और D अंकित हैं
उत्तर-पुस्तिका के साथ नत्थी करें। अनुक्रमांक: ______________
Marking Scheme / अंकन योजना (उत्तर देखें)
ANSHUL ACADEMY · anshulacademy.in

राजनीति विज्ञान (028)

प्रतिदर्श प्रश्न-पत्र 1: अंकन योजना (Marking Scheme)
कक्षा: XII (2026-27) · हिंदी माध्यम
निर्धारित समय: 3 घंटेअधिकतम अंक: 80

परीक्षकों और विद्यार्थियों के लिए:

  1. बहुविकल्पीय प्रश्नों में सही विकल्प का अक्षर और उत्तर, दोनों दिए गए हैं।
  2. वर्णनात्मक प्रश्नों में मूल्य-बिंदु (value points) दिए गए हैं। ‘कोई दो/तीन/पाँच’ का अर्थ है कि दिए गए बिंदुओं में से उतने सही बिंदुओं पर पूरे अंक दिए जाएँ।
  3. पाठ्यपुस्तक पर आधारित कोई अन्य उचित बिंदु भी मान्य है, जहाँ ऐसा लिखा गया है।
खंड क: बहुविकल्पीय प्रश्न (12 × 1 = 12)
प्र. सं.
उत्तर / मूल्य-बिंदु
अंक
1
1 अंक

(ग) कथन I सही है, परंतु कथन II ग़लत है। 2008 में नेपाल राजतंत्र को ख़त्म करके लोकतांत्रिक गणराज्य बना; 2008 में संवैधानिक राजतंत्र भूटान बना था।
1
2
1 अंक

(ख) वी.वी. गिरि
1
3
1 अंक

(घ) (ii), (iv), (iii), (i)। दक्षेस का पहला सम्मेलन 1985, साप्टा 1993, फरक्का संधि 1996, अफ़ग़ानिस्तान 2007 में सदस्य बना।
1
4
1 अंक

(क) 30 अक्टूबर 1945 (संयुक्त राष्ट्रसंघ की स्थापना 24 अक्टूबर 1945 को हुई थी)।
1
5
1 अंक

(क) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं, और कारण (R), अभिकथन (A) की सही व्याख्या है। राज्य के कुछ मुख्य कामों तक सिमटने और बहुराष्ट्रीय निगमों की बढ़ती भूमिका से सरकारों की अपने दम पर फ़ैसला करने की क्षमता घटती है।
1
6
1 अंक

(ग) पी.सी. महालनोबिस के नेतृत्व में बनी इस योजना में भारी उद्योगों के विकास पर ज़ोर था। (क) और (ख) पहली योजना की बातें हैं।
1
7
1 अंक

(घ) एमनेस्टी इंटरनेशनल संयुक्त राष्ट्रसंघ की एजेंसी नहीं, बल्कि मानवाधिकारों के लिए अभियान चलाने वाला एक स्वयंसेवी संगठन है।
1
8
1 अंक

(ख) गरीबी हटाओ (‘इंदिरा हटाओ’ को इंदिरा गाँधी ने विपक्षी ‘ग्रैंड अलायंस’ का एकमात्र कार्यक्रम बताया था)।
1
9
1 अंक

(घ) a-ii, b-iii, c-iv, d-i
1
10
1 अंक

(क) केवल (i) और (iii)। योजना आयोग संविधान द्वारा स्थापित निकाय नहीं था, इसलिए कथन (ii) ग़लत है।
1
11
1 अंक

(ख) मुंबई (पहली बैठक 2001 में ब्राज़ील के पोर्टो अलगेरे में हुई थी)।
1
12
1 अंक

(ग) 1996 की संयुक्त मोर्चा सरकार को भाजपा ने नहीं, बल्कि कांग्रेस ने समर्थन दिया था (वाम मोर्चा ने भी समर्थन जारी रखा)।
1
खंड ख: लघु उत्तरीय प्रश्न I (6 × 2 = 12)
प्र. सं.
उत्तर / मूल्य-बिंदु
अंक
13
2 अंक

  • आर्थिक वैश्वीकरण के ख़िलाफ़ वामपंथी तेवर की आवाज़ें राजनीतिक दलों की तरफ़ से और इंडियन सोशल फ़ोरम जैसे मंचों से उठी हैं।
  • औद्योगिक श्रमिकों और किसानों के संगठनों ने बहुराष्ट्रीय निगमों के प्रवेश का विरोध किया है।
  • ‘नीम’ जैसी वनस्पतियों को अमरीकी और यूरोपीय फ़र्मों द्वारा पेटेंट कराने के प्रयासों का कड़ा विरोध हुआ।
  • दक्षिणपंथी खेमे ने सांस्कृतिक प्रभावों का विरोध किया, जैसे केबल नेटवर्क के विदेशी टी.वी. चैनल, वैलेंटाइन-डे मनाना और छात्र-छात्राओं की पश्चिमी पोशाकों में बढ़ती रुचि।
कोई दो, 1 + 1 = 2
2
14
2 अंक

  • सोवियत राजनीतिक प्रणाली की धुरी कम्युनिस्ट पार्टी थी; इसमें किसी अन्य राजनीतिक दल या विपक्ष के लिए जगह नहीं थी।
  • अर्थव्यवस्था योजनाबद्ध और राज्य के नियंत्रण में थी; भूमि और अन्य उत्पादक संपदाओं पर स्वामित्व और नियंत्रण राज्य का था।
  • सरकार ने सभी नागरिकों के लिए न्यूनतम जीवन-स्तर सुनिश्चित किया; स्वास्थ्य, शिक्षा, बच्चों की देखभाल जैसी चीज़ें रियायती दर पर मिलती थीं।
  • उन्नत संचार प्रणाली, विशाल ऊर्जा-संसाधन और पिन से कार तक बनाने वाला घरेलू उपभोक्ता-उद्योग।
कोई दो, 1 + 1 = 2
2
15
2 अंक

  • अर्थ (1 अंक): विश्व के वे हिस्से और क्षेत्र जो किसी एक देश के संप्रभु क्षेत्राधिकार से बाहर होते हैं और जिनका प्रबंधन अंतर्राष्ट्रीय समुदाय साझे तौर पर करता है।
  • उदाहरण (1 अंक, कोई दो): पृथ्वी का वायुमंडल, अंटार्कटिका, समुद्री सतह और बाहरी अंतरिक्ष।
1 + 1 = 2
2
16
2 अंक

  • मानव-इतिहास के सबसे बड़े जनसंख्या-स्थानांतरणों में से एक हुआ; अनुमान है कि लगभग 80 लाख लोगों को घर-बार छोड़कर सीमा-पार जाना पड़ा।
  • भीषण सांप्रदायिक हिंसा हुई; लाहौर, अमृतसर और कलकत्ता जैसे शहर सांप्रदायिक अखाड़े बन गए और लगभग पाँच से दस लाख लोगों ने जान गँवाई।
  • हज़ारों औरतों को अगवा किया गया, बहुत-से बच्चे माँ-बाप से बिछड़ गए और लाखों शरणार्थियों को शिविरों में रहना पड़ा।
  • वित्तीय संपदा, देनदारी, परिसंपत्तियों और सरकारी तथा रेलवे कर्मचारियों तक का बँटवारा हुआ।
कोई दो, 1 + 1 = 2
2
17
2 अंक

  • अर्थ (1 अंक): कांग्रेसी नेताओं का एक समूह जिसे अनौपचारिक तौर पर ‘सिंडिकेट’ कहा जाता था; इसका पार्टी के संगठन पर नियंत्रण था। इसके अगुवा के. कामराज थे और इसमें एस.के. पाटिल, एस. निजलिंगप्पा, एन. संजीव रेड्डी और अतुल्य घोष जैसे प्रांतीय नेता थे।
  • भूमिका (1 अंक): लालबहादुर शास्त्री और इंदिरा गाँधी दोनों इसकी सहायता से प्रधानमंत्री बने; इंदिरा गाँधी की पहली मंत्रिपरिषद् में इसकी निर्णायक और नीतियों के निर्माण व क्रियान्वयन में अहम भूमिका रही। विभाजन के बाद इसके नेता कांग्रेस (ओ) में रहे और 1971 के बाद प्रभावहीन हो गए।
1 + 1 = 2
2
18
2 अंक

  • पंजाब के लिए क्षेत्रीय स्वायत्तता की बात उठाई गई।
  • केंद्र-राज्य संबंधों को पुनर्परिभाषित करने की माँग की गई।
  • सिख ‘क़ौम’ की आकांक्षाओं पर ज़ोर देते हुए सिखों के ‘बोलबाला’ का ऐलान किया गया।
  • यह प्रस्ताव भारत में संघवाद को मज़बूत करने की अपील करता है।
कोई दो, 1 + 1 = 2
2
खंड ग: लघु उत्तरीय प्रश्न II (5 × 4 = 20)
प्र. सं.
उत्तर / मूल्य-बिंदु
अंक
19
4 अंक

  • रूस में पूरा राज्य-नियंत्रित औद्योगिक ढाँचा चरमरा गया; लगभग 90 प्रतिशत उद्योग औने-पौने दामों में निजी हाथों को बेचे गए, जिसे ‘इतिहास की सबसे बड़ी गराज-सेल’ कहा जाता है।
  • रूसी मुद्रा रूबल के मूल्य में नाटकीय गिरावट आई और मुद्रास्फीति इतनी बढ़ी कि लोगों की जमापूँजी जाती रही।
  • सामूहिक खेती की प्रणाली ख़त्म होने से खाद्यान्न सुरक्षा नहीं रही; रूस ने खाद्यान्न आयात करना शुरू किया; 1999 में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद 1989 से भी नीचे था।
  • समाज-कल्याण की पुरानी व्यवस्था नष्ट हुई, ज़्यादातर लोग ग़रीबी में पड़ गए, मध्य वर्ग हाशिए पर आ गया और कई देशों में ‘माफ़िया वर्ग’ उभरा।
  • निजीकरण से अमीर और ग़रीब के बीच गहरी आर्थिक असमानता पैदा हुई।
  • लोकतांत्रिक संस्थाओं के निर्माण को प्राथमिकता नहीं मिली; संविधान हड़बड़ी में बने और राष्ट्रपति के हाथ में लगभग हर शक्ति आ गई, संसद कमज़ोर रही।
कोई चार, 1 × 4 = 4
4
20
4 अंक

  • कश्मीर: 1947-48 और 1965 के युद्धों से मसला हल नहीं हुआ; 1948 के युद्ध से कश्मीर दो हिस्सों में बँटा और दोनों के बीच नियंत्रण-सीमा रेखा है; 1971 में भारत की निर्णायक जीत के बाद भी मसला अनसुलझा रहा।
  • सामरिक मसले और हथियारों की होड़: सियाचिन ग्लेशियर पर नियंत्रण; 1998 में भारत ने पोखरण में और पाकिस्तान ने चगाई पहाड़ी पर परमाणु परीक्षण किए, जिससे होड़ ने नया चरित्र ग्रहण किया।
  • आपसी संदेह: भारत का आरोप है कि पाकिस्तान कश्मीरी उग्रवादियों को हथियार, प्रशिक्षण और धन देता है और आईएसआई पूर्वोत्तर में भारत-विरोधी अभियानों में लगी है; पाकिस्तान भारत पर सिंध और बलूचिस्तान में समस्या भड़काने का आरोप लगाता है।
  • नदी-जल: 1960 में विश्व बैंक की मदद से सिंधु-जल संधि हुई जो कई युद्धों के बावजूद कायम है, फिर भी इसकी व्याख्या को लेकर छोटे-मोटे विवाद हैं।
  • सरक्रिक: कच्छ के रन में सरक्रिक की सीमा-रेखा पर मतभेद है।
कोई चार, 1 × 4 = 4
4
21A
4 अंक

  • भारत ने 2002 में क्योटो प्रोटोकॉल (1997) पर हस्ताक्षर किए और इसका अनुमोदन किया; भारत, चीन और अन्य विकासशील देशों को इसकी बाध्यताओं से छूट मिली है।
  • भारत ऐतिहासिक उत्तरदायित्व का तर्क रखता है: ग्रीनहाउस गैसों के रिसाव की ऐतिहासिक और मौजूदा जवाबदेही ज़्यादातर विकसित देशों की है, इसलिए उत्सर्जन घटाने की सबसे ज़्यादा ज़िम्मेदारी उन्हीं की है।
  • 2005 में ग्रुप-8 की बैठक में भारत ने ध्यान दिलाया कि विकासशील देशों में प्रति व्यक्ति उत्सर्जन नाममात्र है; भारत पर बाध्यता थोपना नियमाचार की मूल भावना के विरुद्ध है।
  • भारत ठोस कदम उठा रहा है: नेशनल ऑटो-फ़्यूल पॉलिसी, ऊर्जा-संरक्षण अधिनियम (2001), बिजली अधिनियम (2003) में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा, बायोडीज़ल मिशन; 2 अक्टूबर 2016 को पेरिस जलवायु समझौते का अनुमोदन।
  • भारत चाहता है कि विकसित देश विकासशील देशों को वित्तीय संसाधन और स्वच्छ प्रौद्योगिकी तुरंत मुहैया कराएँ, और दक्षेस देश पर्यावरण के मसलों पर एक समान राय बनाएँ।
कोई चार, 1 × 4 = 4
4
अथवा
21B
4 अंक

  • उत्तर के विकसित देश चाहते हैं कि पर्यावरण के संरक्षण में हर देश की ज़िम्मेदारी बराबर हो।
  • दक्षिण के विकासशील देशों का तर्क है कि पारिस्थितिकी को नुक़सान अधिकांशतः विकसित देशों के औद्योगिक विकास से पहुँचा है, इसलिए भरपाई की ज़्यादा ज़िम्मेदारी भी उन्हीं की है; विकासशील देश अभी औद्योगीकरण की प्रक्रिया में हैं, इसलिए उन पर वैसे प्रतिबंध न लगें।
  • 1992 के पृथ्वी सम्मेलन में यह तर्क मान लिया गया और इसे ‘साझी परंतु अलग-अलग ज़िम्मेदारियाँ’ का सिद्धांत कहा गया; रियो घोषणा-पत्र के अनुसार विकसित देश टिकाऊ विकास में अपनी ख़ास ज़िम्मेदारी स्वीकार करते हैं क्योंकि उनका दबाव ज़्यादा है और उनके पास विपुल प्रौद्योगिक और वित्तीय संसाधन हैं।
  • जलवायु-परिवर्तन के नियमाचार (UNFCCC) में माना गया कि ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में सबसे बड़ा हिस्सा विकसित देशों का है और विकासशील देशों का प्रति व्यक्ति उत्सर्जन कम है; इसी कारण चीन, भारत आदि को क्योटो प्रोटोकॉल की बाध्यताओं से अलग रखा गया।
1 × 4 = 4
4
22A
4 अंक

  • सामाजिक गठबंधन (2 अंक): 1885 में नवशिक्षित, कामकाजी और व्यापारिक वर्गों का हित-समूह रही कांग्रेस 20वीं सदी में जनआंदोलन बनी; सविनय अवज्ञा जैसे आंदोलनों से इसका सामाजिक आधार बढ़ा।
  • इसमें किसान और उद्योगपति, शहर और गाँव के लोग, मज़दूर और मालिक, सभी वर्ग और जातियाँ शामिल हुईं; नेतृवर्ग में खेती-किसानी की बुनियाद वाले नेता भी उभरे। यह भारत की विविधता की नुमाइंदगी करने वाला ‘सतरंगा’ गठबंधन बन गई।
  • विचारधारात्मक गठबंधन (2 अंक): कांग्रेस ने क्रांतिकारी और शांतिवादी, कंज़र्वेटिव और रेडिकल, गरमपंथी और नरमपंथी, दक्षिणपंथी, वामपंथी और मध्यमार्गी, सभी धाराओं को समाहित किया।
  • यह एक मंच की तरह थी जिस पर अनेक समूह, हित और राजनीतिक दल तक जुटते थे; आज़ादी से पहले अनेक संगठनों और पार्टियों को कांग्रेस के भीतर रहने की इजाज़त थी।
2 + 2 = 4
4
अथवा
22B
4 अंक

  • इन दलों की मौजूदगी ने शासन-व्यवस्था के लोकतांत्रिक चरित्र को बनाए रखने में निर्णायक भूमिका निभाई।
  • इन्होंने कांग्रेस की नीतियों और व्यवहारों की सुचिंतित और सिद्धांतों पर आधारित आलोचना की।
  • इन्होंने शासक दल पर अंकुश रखा और बहुधा इनके कारण कांग्रेस के भीतर शक्ति-संतुलन बदला।
  • इन्होंने लोकतांत्रिक राजनीतिक विकल्प की संभावना को जीवित रखा और व्यवस्थाजन्य रोष को लोकतंत्र-विरोधी बनने से रोका।
  • इन्होंने ऐसे नेता तैयार किए जिन्होंने आगे चलकर देश की तस्वीर सँवारने में अहम भूमिका निभाई।
कोई चार, 1 × 4 = 4
4
23
4 अंक

  • 1971 में ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया, पर 1971-72 के बाद भी देश की सामाजिक-आर्थिक दशा में ख़ास सुधार नहीं हुआ।
  • बांग्लादेश संकट से अर्थव्यवस्था पर भारी बोझ पड़ा: लगभग 80 लाख लोग पूर्वी पाकिस्तान से भारत आए, फिर पाकिस्तान से युद्ध हुआ और युद्ध के बाद अमरीका ने हर तरह की सहायता बंद कर दी।
  • अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कीमतें कई गुना बढ़ीं; चीज़ों की कीमतें 1973 में 23 प्रतिशत और 1974 में 30 प्रतिशत बढ़ीं।
  • औद्योगिक विकास की दर बहुत कम थी और बेरोज़गारी, ख़ासकर ग्रामीण इलाकों में, बहुत बढ़ गई; सरकार ने कर्मचारियों का वेतन रोक लिया, जिससे असंतोष पनपा।
  • 1972-73 में मानसून असफल रहा और खाद्यान्न उत्पादन 8 प्रतिशत घट गया।
कोई चार, 1 × 4 = 4
4
खंड घ: आलेख, अनुच्छेद और मानचित्र आधारित प्रश्न (3 × 4 = 12)
प्र. सं.
उत्तर / मूल्य-बिंदु
अंक
24
4 अंक

I
(ख) चीन (6.09 प्रतिशत)
1
II
(घ) भारत (2.64) का हिस्सा रूस (2.59) से थोड़ा अधिक, पर चीन (6.09) से कम है।
1
III
(क) निर्णय लेने में धनी औद्योगिक देशों का प्रभाव कहीं ज़्यादा है; पुस्तक के अनुसार हर सदस्य की राय का वज़न बराबर नहीं है।
1
IV
(ग) वैश्विक स्तर की वित्त-व्यवस्था की देखरेख करना और माँगे जाने पर वित्तीय तथा तकनीकी सहायता देना
1
दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए:

I
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF)
1
II
विकासशील देशों से
1
III
‘जेनरल एग्रीमेंट ऑन ट्रेड एंड टैरिफ़’ (GATT)
1
IV
41.29 प्रतिशत
1
4
25
4 अंक

I
(घ) भारी अकाल में असम सरकार समुचित प्रबंध करने में नाकाम रही।
1
II
(क) पाकिस्तान की सरकार का; तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान में मिजो विद्रोहियों के ठिकाने थे।
1
III
(ख) राजीव गाँधी और लालडेंगा
1
IV
(ग) बातचीत और लोकतांत्रिक समझौते से टिकाऊ शांति संभव है; पुस्तक के अनुसार आज मिजोरम पूर्वोत्तर का सबसे शांतिपूर्ण राज्य है।
1
4
26
4 अंक

  • (i) D: मणिपुर (1948 के जून में यहाँ सार्वभौम वयस्क मताधिकार से चुनाव हुए)
  • (ii) C: नगालैंड
  • (iii) A: तेलंगाना
  • (iv) B: पंजाब
1 × 4 = 4 (अक्षर और नाम दोनों सही होने पर 1 अंक)
दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए:

I
महाराजा बोधचंद्र सिंह
1
II
1960
1
III
छत्तीसगढ़, उत्तराखंड या झारखंड (कोई एक)
1
IV
मेघालय
1
4
खंड ङ: दीर्घ उत्तरीय प्रश्न (4 × 6 = 24)
प्र. सं.
उत्तर / मूल्य-बिंदु
अंक
27A
6 अंक

  • पृष्ठभूमि (2 अंक): 1959 में भारत ने तिब्बत के धार्मिक नेता दलाई लामा को शरण दी; चीन ने भारत पर चीन-विरोधी गतिविधियों को हवा देने का आरोप लगाया।
  • सीमा-विवाद: भारत के अनुसार सीमा का मामला अंग्रेज़ी शासन में सुलझ चुका था, चीन यह नहीं मानता था; चीन ने लद्दाख के अक्साई-चीन और अरुणाचल प्रदेश (तब नेफ़ा) पर दावा किया और 1957-59 के बीच अक्साई-चीन पर कब्ज़ा कर सड़क बनाई। अक्टूबर 1962 में, जब विश्व का ध्यान क्यूबा मिसाइल संकट पर था, चीन ने दोनों क्षेत्रों पर हमला किया और बाद में एकतरफ़ा युद्धविराम घोषित किया।
  • परिणाम (4 अंक): भारत की छवि को देश और विदेश में धक्का लगा; भारत को अमरीका और ब्रिटेन से सैन्य मदद माँगनी पड़ी, जबकि सोवियत संघ तटस्थ रहा।
  • राष्ट्रीय स्वाभिमान को चोट पहुँची, पर राष्ट्र-भावना भी बलवती हुई।
  • कुछ सैन्य-कमांडरों ने इस्तीफ़ा दिया; रक्षामंत्री वी.के. कृष्णमेनन को मंत्रिमंडल छोड़ना पड़ा; नेहरू की आलोचना हुई और पहली बार उनकी सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव आया; कांग्रेस कुछ उप-चुनाव हारी।
  • सीमित संसाधन रक्षा क्षेत्र में लगाने पड़े; 1962 में रक्षा-उत्पाद विभाग बना, तीसरी पंचवर्षीय योजना पर असर पड़ा और रक्षा-व्यय बहुत बढ़ गया।
पृष्ठभूमि 2 + परिणाम 4 (कोई चार) = 6
6
अथवा
27B
6 अंक

  • नेहरू ने आधुनिक भारत के निर्माण के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर भरोसा किया; परमाणु कार्यक्रम 1940 के दशक के अंत में होमी जहाँगीर भाभा के निर्देशन में शुरू हुआ और इसका लक्ष्य शांतिपूर्ण उपयोग के लिए अणु ऊर्जा बनाना था।
  • नेहरू परमाणु हथियारों के ख़िलाफ़ थे और महाशक्तियों पर व्यापक परमाणु निशस्त्रीकरण के लिए ज़ोर देते रहे; पर चीन ने अक्टूबर 1964 में परमाणु परीक्षण किया।
  • अप्रसार संधि का विरोध: अणुशक्ति-संपन्न पाँच देश (जो सुरक्षा परिषद् के स्थायी सदस्य भी हैं) 1968 की परमाणु अप्रसार संधि दूसरों पर थोपना चाहते थे; भारत इसे भेदभावपूर्ण मानता था क्योंकि यह केवल परमाणु-हीन देशों पर लागू होती थी और परमाणु-संपन्न देशों के एकाधिकार को वैधता देती थी। इसलिए भारत ने हस्ताक्षर से इनकार किया।
  • मई 1974 में भारत ने पहला परमाणु परीक्षण किया और इसे शांतिपूर्ण परीक्षण बताया।
  • 1995 में संधि को अनियतकाल के लिए बढ़ाने का भारत ने विरोध किया और व्यापक परमाणु परीक्षण प्रतिबंध संधि (CTBT) पर हस्ताक्षर से भी इनकार किया।
  • मई 1998 के परीक्षणों से भारत ने सैन्य क्षमता जताई; परमाणु नीति के अनुसार भारत रक्षा के लिए हथियार रखेगा पर ‘प्रयोग पहले नहीं’ करेगा, और वैश्विक, भेदभावहीन निशस्त्रीकरण के प्रति वचनबद्ध है।
विकास 4 + विरोध के कारण 2 = 6
6
28A
6 अंक

  • 1967 में इंडोनेशिया, मलेशिया, फ़िलिपींस, सिंगापुर और थाईलैंड ने बैंकॉक घोषणा पर हस्ताक्षर करके आसियान की स्थापना की; बाद में ब्रुनेई दारुस्सलाम, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया जुड़े और सदस्य संख्या दस हो गई।
  • उद्देश्य: आर्थिक विकास को तेज़ करना और उसके माध्यम से सामाजिक-सांस्कृतिक विकास; क़ानून के शासन और संयुक्त राष्ट्र के क़ायदों पर आधारित क्षेत्रीय शांति और स्थायित्व।
  • ‘आसियान शैली’: यूरोपीय संघ की तरह अधिराष्ट्रीय संगठन बनने का लक्ष्य नहीं; अनौपचारिक, टकरावरहित और सहयोगात्मक मेल-मिलाप, तथा राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान।
  • 2003 में आसियान सुरक्षा समुदाय, आसियान आर्थिक समुदाय और आसियान सामाजिक-सांस्कृतिक समुदाय, इन तीन स्तंभों के आधार पर आसियान समुदाय बनाने के कदम उठाए; 1994 में आसियान क्षेत्रीय मंच (ARF) बना।
  • आसियान की अर्थव्यवस्था अमरीका, यूरोपीय संघ और जापान से छोटी है, पर इसका विकास इन सबसे तेज़ है; आर्थिक समुदाय साझा बाज़ार और उत्पादन आधार बनाना चाहता है और निवेश, श्रम व सेवाओं में मुक्त व्यापार क्षेत्र पर ध्यान दे रहा है।
  • भारत और चीन जैसे तेज़ी से बढ़ते देशों के साथ व्यापार और निवेश में इसकी प्रासंगिकता बढ़ी है; 2010 में आसियान-भारत मुक्त व्यापार क्षेत्र लागू हुआ।
1 × 6 = 6
6
अथवा
28B
6 अंक

  • जापान (3 अंक): प्राकृतिक संसाधन कम होने और कच्चे माल के आयात पर निर्भर रहने के बावजूद दूसरे विश्वयुद्ध के बाद तेज़ प्रगति; सोनी, पैनासोनिक, होंडा जैसे ब्रांड उच्च प्रौद्योगिकी के लिए मशहूर।
  • 1964 में OECD का सदस्य; 2017 में विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था; एशिया का अकेला देश जो समूह-7 में शामिल है।
  • संयुक्त राष्ट्रसंघ के बजट में 10 प्रतिशत योगदान देने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश; सैन्य व्यय GDP का केवल 1 प्रतिशत, फिर भी सैन्य व्यय में विश्व में सातवाँ स्थान; संविधान का अनुच्छेद 9 युद्ध का त्याग करता है।
  • दक्षिण कोरिया (3 अंक): 1960 से 1980 के दशक के बीच तेज़ आर्थिक विकास, जिसे ‘हान नदी पर चमत्कार’ कहा जाता है; 1996 में OECD का सदस्य।
  • 2017 में दुनिया की ग्यारहवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और सैन्य ख़र्च में दसवाँ स्थान; मानव विकास रिपोर्ट 2016 में HDI रैंक 18।
  • सफल भूमि-सुधार, ग्रामीण विकास, व्यापक मानव संसाधन विकास, निर्यात उन्मुखीकरण और प्रभावी संस्थाएँ इसकी सफलता के कारक; सैमसंग, एलजी, हुंडई जैसे ब्रांड भारत में भी प्रसिद्ध।
3 + 3 = 6
6
29A
6 अंक

  • सैन्य-क्षमता को मज़बूत करना: पाकिस्तान ने 1947-48, 1965, 1971 और 1999 में तथा चीन ने 1962 में हमला किया; चारों तरफ़ परमाणु हथियारों से लैस देश होने के कारण सरकार ने 1998 के परमाणु परीक्षण को राष्ट्रीय सुरक्षा का तर्क देकर उचित ठहराया (पहला परीक्षण 1974)।
  • अंतर्राष्ट्रीय क़ायदों और संस्थाओं को मज़बूत करना: नेहरू ने एशियाई एकता, विउपनिवेशीकरण और निरस्त्रीकरण की हिमायत की; संयुक्त राष्ट्रसंघ को अंतिम पंच मानने पर ज़ोर; भेदभावरहित अप्रसार नीति, नव-अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था की माँग, गुटनिरपेक्षता; क्योटो प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर और संयुक्त राष्ट्र के शांतिबहाली मिशनों में सेना भेजना।
  • अंदरूनी सुरक्षा-समस्याओं से निपटना: नगालैंड, मिजोरम, पंजाब और कश्मीर में उग्रवादी समूहों ने अलग होने की कोशिश की; भारत ने लोकतांत्रिक व्यवस्था अपनाई जो विभिन्न समुदायों को शिकायतें रखने और सत्ता में भागीदारी का अवसर देती है।
  • अर्थव्यवस्था का विकास: बहुसंख्यक नागरिकों को ग़रीबी और अभाव से निजात दिलाना और आर्थिक असमानता कम करना; लोकतांत्रिक सरकार पर दबाव रहता है कि आर्थिक संवृद्धि मानवीय विकास की सहगामी बने।
1½ × 4 = 6
6
अथवा
29B
6 अंक

  • आतंकवाद: राजनीतिक ख़ून-ख़राबा जो जान-बूझकर नागरिकों को निशाना बनाता है, जैसे विमान-अपहरण या भीड़ भरी जगहों पर बम; 11 सितंबर 2001 को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमला।
  • मानवाधिकार: राजनीतिक, आर्थिक-सामाजिक और उपनिवेशीकृत जनता या मूलवासी अल्पसंख्यकों के अधिकार; रवांडा जनसंहार, कुवैत पर इराक़ का हमला, पूर्वी तिमूर जैसी घटनाओं के बाद बहस कि संयुक्त राष्ट्रसंघ हस्तक्षेप करे या नहीं।
  • वैश्विक निर्धनता: विश्व की जनसंख्या-वृद्धि का 50 प्रतिशत सिर्फ़ छह देशों में हो रहा है; प्रति व्यक्ति निम्न आय और तीव्र जनसंख्या-वृद्धि मिलकर ग़रीब देशों को और ग़रीब बनाती हैं, और यह असमानता उत्तरी और दक्षिणी गोलार्द्ध के देशों को अलग करती है।
  • आप्रवास और शरणार्थी: दक्षिणी गोलार्द्ध की ग़रीबी के कारण लोग बेहतर जीवन और आर्थिक अवसरों की तलाश में उत्तरी गोलार्द्ध के देशों में प्रवास कर रहे हैं, जिससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक मतभेद उठे हैं; अंतर्राष्ट्रीय क़ायदे आप्रवासी और शरणार्थी में भेद करते हैं।
  • महामारियाँ: एचआईवी-एड्स, बर्ड फ़्लू और सार्स जैसी बीमारियाँ आप्रवास, व्यवसाय, पर्यटन और सैन्य अभियानों से तेज़ी से फैलती हैं।
  • सहयोगमूलक सुरक्षा (2 अंक): गरीबी, महामारी या शरणार्थियों की आवाजाही जैसे मसलों में सैन्य-बल से मदद नहीं मिलती, उल्टा मामला बिगड़ता है; इसलिए द्विपक्षीय, क्षेत्रीय या वैश्विक सहयोग चाहिए, जिसमें देशों के साथ संयुक्त राष्ट्रसंघ, विश्व स्वास्थ्य संगठन जैसी संस्थाएँ और एमनेस्टी, रेड क्रॉस जैसे स्वयंसेवी संगठन भी शामिल हों।
चार स्रोत 4 + सहयोगमूलक सुरक्षा 2 = 6
6
30A
6 अंक

  • नई आर्थिक नीति पर सहमति: कई समूह विरोध में हैं, पर अधिकतर दल इसके पक्ष में हैं और मानते हैं कि इससे देश समृद्ध होगा और भारत विश्व की आर्थिक शक्ति बनेगा।
  • पिछड़ी जातियों के राजनीतिक और सामाजिक दावे की स्वीकृति: आज सभी दल शिक्षा और रोज़गार में पिछड़ी जातियों के आरक्षण के पक्ष में हैं और ‘अन्य पिछड़ा वर्ग’ को सत्ता में समुचित हिस्सेदारी देने को तैयार हैं।
  • देश के शासन में प्रांतीय दलों की भूमिका की स्वीकृति: प्रांतीय और राष्ट्रीय दल का भेद कम हो रहा है; प्रांतीय दल केंद्र सरकार में साझीदार बन रहे हैं।
  • विचारधारा की जगह कार्यसिद्धि पर ज़ोर: दल विचारधारागत अंतर की जगह सत्ता में हिस्सेदारी पर ज़ोर देते हैं; उदाहरण के लिए अधिकतर दल भाजपा की ‘हिंदुत्व’ की विचारधारा से सहमत नहीं थे, फिर भी उसके साथ गठबंधन में शामिल होकर सरकार बनाई जो पाँच साल चली।
1½ × 4 = 6
6
अथवा
30B
6 अंक

  • 2004 में कांग्रेस भी पूरे ज़ोर से गठबंधन में शामिल हुई; राजग हारा और कांग्रेस के नेतृत्व में संप्रग की सरकार बनी, जिसे वाम मोर्चा ने समर्थन दिया; 1991 के बाद पहली बार कांग्रेस की सीटें बढ़ीं, पर राजग और संप्रग के कुल वोटों का अंतर बहुत कम था।
  • जुलाई 2008 में भारत-अमरीका परमाणु समझौते के मुद्दे पर वाम दलों के समर्थन वापस लेने के बावजूद संप्रग सरकार ने कार्यकाल पूरा किया।
  • 2009 में कांग्रेस की सीटें 145 से बढ़कर 206 हुईं; डॉ. मनमोहन सिंह ने दूसरे कार्यकाल के लिए संप्रग सरकार का नेतृत्व किया।
  • सितंबर 2013 में भाजपा ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया; 2014 में भाजपा ने अपने दम पर 282 सीटें जीतीं और 30 साल बाद एकल दल बहुमत पाने वाली पहली पार्टी बनी।
  • स्पष्ट बहुमत के बावजूद भाजपा ने सहयोगियों के साथ राजग सरकार बनाई; 2019 में भाजपा फिर 303 सीटों के साथ विजयी हुई।
  • निष्कर्ष: एक दल को पूर्ण बहुमत मिलने पर भी गठबंधन की राजनीति की मान्यता अब भी प्रासंगिक है।
1 × 6 = 6
6
॥ अंकन योजना समाप्त ॥

प्रश्न संख्या 26 के उत्तर (मानचित्र पर)

उत्तर-मानचित्र: A तेलंगाना, B पंजाब, C नगालैंड, D मणिपुर
(i) D मणिपुर, (ii) C नगालैंड, (iii) A तेलंगाना, (iv) B पंजाब

सभी CBSE सैंपल पेपर 2026-27 (All CBSE Sample Papers) →