NIOS कक्षा 10 सामाजिक विज्ञान (213) पाठ 5 भारत पर ब्रिटिश शासन का प्रभाव: आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक (1757-1857) पाठगत एवं पाठांत प्रश्न उत्तर हिंदी में

NIOS माध्यमिक सामाजिक विज्ञान (213), पाठ 5 «भारत पर ब्रिटिश शासन का प्रभाव: आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक (1757-1857)» के सभी पाठगत प्रश्न, सभी पाठांत प्रश्न और कार्यपत्रक 5 के सभी प्रश्न। प्रश्न हिंदी पुस्तक के शब्दों में हैं (छपाई की गलतियाँ ठीक करके)। पाठगत प्रश्नों के उत्तर पुस्तक की उत्तर-कुंजी के अनुसार हैं, थोड़ा विस्तार के साथ। पाठांत प्रश्नों और कार्यपत्रक के उत्तर NIOS अंकन योजना की शैली में हैं: 2 अंक में 30-50 शब्द, 3 अंक में 50-80 शब्द, 6 अंक में 80-120 शब्द। दिए गए अंक केवल अनुमान हैं, ताकि लिखने की लंबाई का अंदाज़ा रहे। NIOS की आधिकारिक पुस्तक nios.ac.in पर निःशुल्क उपलब्ध है।

1 पाठगत प्रश्न

पाठगत प्रश्न 5.1

प्रश्न

1. सही उत्तर पर निशान लगाएँ:
(क) भारत में ब्रिटिश इस रूप में आए थे: (i) विजेता (ii) यात्री (iii) आक्रमणकारी (iv) व्यापारी
(ख) मीर जाफ़र नवाब थे: (i) मैसूर के (ii) पंजाब के (iii) बंगाल के (iv) चीन के
2. ब्रिटिश भारत क्यों आए? कम से कम दो कारण दीजिए।
3. अंग्रेजों ने देशी राज्यों के अधिग्रहण के लिए कौन-से दो मुख्य तरीके अपनाए?

उत्तर:
1. (क) (iv) व्यापारी। (ख) (iii) बंगाल के।
2. (1) ब्रिटेन के उद्योगों के लिए कच्चा माल पाना। (2) अपने तैयार माल के लिए भारत में बाज़ार बढ़ाना।
3. विलय की नीति (व्यपगत का सिद्धांत) और सहायक संधि।

पाठगत प्रश्न 5.2

प्रश्न

1. सही या गलत बताएँ और अपनी राय को साबित करें:
(क) विदेशी माल का ड्यूटी मुक्त प्रवेश भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा था।
(ख) अंग्रेजों को सभी भूमि बंदोबस्तों से लाभ मिला।
(ग) नील, चावल, गेहूँ, चाय और अफ़ीम पाँच प्रमुख वाणिज्यिक फ़सलें थीं जो अंग्रेजों ने शुरू कीं।
(घ) धन-उधार देने वालों का एक नया वर्ग बन गया था।
2. अंग्रेजों द्वारा रेलवे के एक व्यापक नेटवर्क का भारत में किन दो कारणों से निर्माण किया गया?

उत्तर:
1. (क) गलत। सस्ता विदेशी माल भारतीय हथकरघा उद्योग के लिए खतरा बना और भारतीय बुनकरों को भारी नुकसान हुआ।
(ख) गलत। ऊँची राजस्व दरों के कारण कई किसानों ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध विद्रोह किया। अंग्रेजों को आर्थिक लाभ तो हुआ, पर आगे चलकर राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा।
(ग) गलत। चावल और गेहूँ खाद्य फ़सलें हैं, वाणिज्यिक फ़सलें नहीं।
(घ) सही। जब किसान ऋण नहीं चुका पाते थे, तो उनकी ज़मीन साहूकार वर्ग के हाथ चली जाती थी।
2. (1) कच्चा माल (नकदी फ़सलें) देने वाले गाँवों को व्यापारिक बंदरगाहों और औद्योगिक शहरों से जोड़ना, ताकि माल आसानी और तेज़ी से पहुँचे। (2) बंदरगाहों से तैयार ब्रिटिश माल देश के अलग-अलग बाज़ारों तक ले जाना।

पाठगत प्रश्न 5.3

प्रश्न

1. निम्नलिखित को मिलाएँ:
(क) विधवा पुनर्विवाह अधिनियम   (ख) चार्टर अधिनियम   (ग) शिक्षा विभाग   (घ) बनारस का संस्कृत कॉलेज
(i) 1857   (ii) 1794   (iii) 1813   (iv) 1856   (v) 1855
2. अंग्रेजों द्वारा स्थापित भारतीय संस्कृति तथा भाषा के कम से कम दो केंद्रों के नाम बताएँ।
3. ब्रिटिश भारत में महिलाओं की स्थिति सुधारने में मदद करने वाले दो कानूनी उपायों को संक्षेप में लिखें।

उत्तर:
1. (क)-(iv) 1856; (ख)-(iii) 1813; (ग)-(i) 1857; (घ)-(ii) 1794 (पुस्तक की उत्तर-कुंजी)।
2. (1) बंगाल की एशियाटिक सोसाइटी, 1784 में विलियम जोन्स द्वारा। (2) फ़ोर्ट विलियम कॉलेज, 1800 में लॉर्ड वेलेज़्ली द्वारा।
3. (1) सती प्रथा, जिसमें पत्नी पति की चिता में जल जाती थी, पर 1829 में (लॉर्ड बेंटिंक द्वारा) प्रतिबंध लगा। (2) 1929 का शारदा अधिनियम, जिसने 14 वर्ष से कम आयु की लड़की और 18 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह अवैध बनाकर बाल-विवाह रोका।

ध्यान दें

पाठ के अनुसार वुड्स डिस्पैच के बाद प्रांतों में शिक्षा विभाग और 1857 में विश्वविद्यालय बने, इसलिए कुंजी (ग)-(i) 1857 देती है। इतिहास में प्रांतों के लोक शिक्षा विभाग 1855 में बने थे (NIOS 315 इतिहास पाठ 18 भी 1855 देता है), यानी (v) 1855 भी ठीक है। बनारस संस्कृत कॉलेज का वर्ष अधिकांश स्रोत 1791 देते हैं; NIOS परीक्षा में पुस्तक का 1794 लिखें।

पाठगत प्रश्न 5.4

प्रश्न

1. भारत में किसान और आदिवासी समूहों द्वारा विरोध आंदोलनों के दो कारणों को चिह्नित करें।
2. “फूट डालो और राज करो” की ब्रिटिश नीति ने देश के राष्ट्रीय हितों को कैसे प्रभावित किया? 30 शब्दों में समझाइए।

उत्तर:
1. (क) किसान: अंग्रेजों की शोषक नीति, भारी कर और किसानों पर ऊँची राजस्व दरें। (ख) आदिवासी: तरह-तरह की जबरन वसूली और आदिवासी भूमि पर ब्रिटिश अधिकार का विस्तार।
2. 1857 के बाद अंग्रेजों ने हिंदुओं और मुसलमानों को आपस में लड़ाकर अपना शासन बनाए रखा। इससे दोनों समुदायों के संबंध बिगड़े और आगे चलकर यह नीति देश के धार्मिक आधार पर विभाजन का कारण बनी।

2 पाठान्त प्रश्न

पाठान्त प्रश्न 1 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. अंग्रेजों की भू-राजस्व नीतियों ने किसानों के जीवन को कैसे प्रभावित किया?

उत्तर:

  • युद्ध, व्यापार और प्रशासन का खर्च निकालने के लिए भू-राजस्व लगातार बढ़ाया गया
  • स्थायी, महालवारी और रैयतवारी, तीनों बंदोबस्तों में राजस्व की माँग बहुत ऊँची थी; किसान अपनी रोज़ की ज़रूरतें भी पूरी नहीं कर पाते थे
  • तय समय पर राजस्व देने के लिए किसान साहूकारों से ऊँचे ब्याज पर ऋण लेते; ऋण न चुका पाने पर ज़मीन साहूकार के पास चली जाती
  • परिणाम: भूमिहीन मज़दूर बढ़े, किसान गरीब हुए और कई जगह विद्रोह हुए
पाठान्त प्रश्न 2 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. स्थायी बंदोबस्त और महालवारी बंदोबस्त के बीच भेद बताएँ।

उत्तर:

आधार स्थायी बंदोबस्त महालवारी बंदोबस्त
शुरुआत 1793, लॉर्ड कॉर्नवालिस 1822
क्षेत्र बंगाल और बिहार उत्तर-पश्चिमी प्रांत, पंजाब, गंगा घाटी, मध्य भारत के भाग
राजस्व देने वाला ज़मींदार, निश्चित रकम; वह भूमि का वंशानुगत मालिक माना गया महल (एक गाँव या गाँवों का समूह) के सभी मालिक संयुक्त रूप से ज़िम्मेदार
परिणाम राजस्व न देने पर ज़मीन बिक जाती; ज़मींदारों का नया वर्ग अंग्रेजों का सहयोगी बना राजस्व की माँग बहुत ऊँची, किसानों को कोई लाभ नहीं
पाठान्त प्रश्न 3 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. अंग्रेज़ी शिक्षा ने भारत में राष्ट्रवाद की वृद्धि में कैसे योगदान दिया?

उत्तर:

  • अंग्रेज़ी शिक्षित भारतीयों की साझा भाषा (लिंगुआ फ़्रांका) बनी; इसने अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को जोड़ा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया
  • जॉन लॉक, रस्किन, मिल, रूसो की रचनाओं से स्वतंत्रता, समानता, भाईचारा और स्वशासन के विचार मिले
  • इंग्लैंड में पढ़कर भारतीयों ने लोकतांत्रिक संस्थाएँ देखीं; फ़्रांसीसी-अमेरिकी क्रांति और इटली-जर्मनी के एकीकरण से प्रेरणा ली
  • प्रेस, सार्वजनिक बहसों और राजनीतिक दलों से साम्राज्यवाद-विरोध और राष्ट्रवाद के विचार फैले
पाठान्त प्रश्न 4 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. देश में अंग्रेज़ी भाषा की सफलता के कारणों की जाँच करें।

उत्तर:

  • अंग्रेजों ने नौकरियाँ केवल अंग्रेज़ी जानने वालों को दीं, इसलिए लोग अंग्रेज़ी शिक्षा लेने को मजबूर हुए
  • सरकार ने पश्चिमी विचार और साहित्य केवल अंग्रेज़ी माध्यम से पढ़ाने का निर्णय लिया; वुड्स डिस्पैच (1854) के बाद 1857 में कलकत्ता, मद्रास और बंबई में विश्वविद्यालय खुले
  • अंग्रेज़ी से विज्ञान, मानविकी और साहित्य के नए क्षेत्र और इंग्लैंड में पढ़ने के अवसर खुले
  • यह शिक्षित भारतीयों की साझा भाषा (लिंगुआ फ़्रांका) बन गई; आज भी अदालतों, शिक्षा और रोज़गार की भाषा है
अंग्रेज़ी संस्करण का अतिरिक्त प्रश्न 5 (अनुमानित 3 अंक)

हिंदी पुस्तक में 4 पाठान्त प्रश्न छपे हैं; अंग्रेज़ी पुस्तक में यह पाँचवाँ प्रश्न भी है, इसलिए अभ्यास के लिए दिया गया है।

प्र. क्या आप सहमत हैं कि ब्रिटिश प्रभाव आज भी देखा जा सकता है? यदि हाँ, तो कैसे?

उत्तर: हाँ, सहमत हूँ।

  • रेल, क्लब जीवन, राष्ट्रपति भवन और संसद भवन ब्रिटिश शासन की याद दिलाते हैं
  • ब्रेड, चाय, केक जैसे खाद्य पदार्थ और पतलून, कोट, टाई जैसी पोशाक उसी दौर में अपनाई गईं
  • भारतीय सिविल सेवा उसी काल में शुरू हुई; सशस्त्र बलों में यूरोपीय प्रशिक्षण के कई पहलू आज भी हैं
  • शिक्षा का माध्यम मुख्यतः अंग्रेज़ी है; सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट निर्णय अंग्रेज़ी में देते हैं

3 कार्यपत्रक 5 हल

NIOS का आधिकारिक कार्यपत्रक (फ़ाइल पर “कार्यपत्रक – 6” छपा है, पर ऊपर “पाठ 5” लिखा है) के दसों प्रश्न और उनके उत्तर। फ़ाइल के कुछ अक्षर बिगड़े हुए हैं; प्रश्न उसी अर्थ में लिखे गए हैं जो फ़ाइल से स्पष्ट पढ़ा जा सकता है।

कार्यपत्रक प्रश्न 1 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. भारत के सांस्कृतिक जीवन पर पड़े अंग्रेजों के उन प्रभावों का विश्लेषण कीजिए जो हमें आज भी देखने को मिलते हैं।

उत्तर:

  • भोजन: ब्रेड, चाय और केक, जो यूरोपीय लोगों के साथ रहने का परिणाम हैं
  • पोशाक: शहरी भारत में पतलून, कोट और टाई
  • जीवन-शैली और भवन: क्लब जीवन, रेल, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन
  • भाषा: अंग्रेज़ी शिक्षा का माध्यम और रोज़गार की भाषा; न्यायालयों के निर्णय अंग्रेज़ी में
  • बहुत से ब्रिटिश और यूरोपीय इसी दौर में यहाँ रह गए, जिससे यह सांस्कृतिक परिवर्तन हुआ
कार्यपत्रक प्रश्न 2 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. अंग्रेजों ने भारत में शासन के लिए शिक्षा का कैसे उपयोग किया?

उत्तर:

  • भारतीयों को कम वेतन पर क्लर्क के रूप में तैयार किया, जिससे प्रशासन का खर्च घटा
  • अंग्रेजों के प्रति वफ़ादार और ब्रिटिश संस्कृति की प्रशंसा करने वाला वर्ग बनाया, जो ब्रिटिश माल का बाज़ार भी बढ़ाए
  • सोचा कि यह शिक्षित वर्ग जनता में अंग्रेज़ी संस्कृति फैलाएगा और इसी के सहारे शासन होगा
  • नौकरी केवल अंग्रेज़ी जानने वालों को दी; इस तरह शिक्षा राजनीतिक सत्ता मज़बूत करने का साधन बनी
कार्यपत्रक प्रश्न 3 (अनुमानित 6 अंक)

प्र. भारतीय समाज पर ब्रिटिश शासन के प्रभाव का विश्लेषण कीजिए।

उत्तर:

  • अंग्रेज स्वतंत्रता, समानता और मानव अधिकार के नए विचार लाए, जिनसे देश भर में सुधार आंदोलन चले
  • कानूनी सुधार: सती पर रोक (1829), विधवा पुनर्विवाह कानून (1856), अंतर-जातीय विवाह कानून (1872), शारदा अधिनियम (1929)
  • सुधार आंदोलनों ने जाति व्यवस्था और छुआछूत की आलोचना की; महिलाओं को शिक्षा और रोज़गार के अवसर मिले
  • अंग्रेज़ी शिक्षा से आधुनिक, तर्कसंगत और लोकतांत्रिक सोच बनी; नया मध्यम वर्ग उभरा
  • पर सुधार आधे-अधूरे थे; शिक्षा अमीरों और शहरवालों तक सीमित रही
  • “फूट डालो और राज करो” से हिंदू-मुस्लिम संबंध बिगड़े
कार्यपत्रक प्रश्न 4 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. भारत में ब्रिटिश शासन के दौरान परिवहन और संचार के क्षेत्र में किए गए विकास का वर्णन कीजिए।

उत्तर:

  • पहले बैलगाड़ी, ऊँट और जानवर ही साधन थे; अंग्रेजों ने बंदरगाहों को उत्पादक क्षेत्रों से जोड़ने के लिए रेलवे बनाई
  • पहली रेल लाइन 1837 में मद्रास की रेड हिल रेल रोड; 1853 में बंबई से ठाणे पहली यात्री गाड़ी
  • ब्रिटिश निवेशकों को 5 प्रतिशत न्यूनतम लाभ की गारंटी और 90 साल (अंग्रेज़ी पुस्तक: 99 साल) के पट्टे पर ज़मीन मिली
  • 1853 में डलहौज़ी ने कलकत्ता से आगरा तक तार लाइन और डाक सेवा शुरू की; इससे राष्ट्रीय जागरण में भी मदद मिली
कार्यपत्रक प्रश्न 5 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. सामाजिक-धार्मिक सुधार आंदोलनों ने कैसे राष्ट्रीय आंदोलन का नेतृत्व किया? व्याख्या कीजिए।

उत्तर:

  • इन आंदोलनों ने भारतीयों में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और देश पर गर्व की भावना भरी
  • बताया कि आधुनिक विचार भारतीय संस्कृति में मिलाए जा सकते हैं, सब भारतीय मूल्यों के विरुद्ध नहीं
  • आधुनिक शिक्षा से वैज्ञानिक और तर्कसंगत दृष्टिकोण आया
  • लोग भारतीय के रूप में अपनी पहचान के प्रति जागरूक हुए, जो आगे स्वतंत्रता आंदोलन में एकजुट संघर्ष का आधार बना
कार्यपत्रक प्रश्न 6 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. 1857 के विद्रोह के प्रभाव की व्याख्या कीजिए।

उत्तर:

  • पहली बार अलग-अलग धर्म, जाति और वर्ग के लोग अंग्रेजों के विरुद्ध एक साथ आए
  • ईस्ट इंडिया कंपनी का शासन खत्म हुआ और भारतीय राज्यों के प्रति ब्रिटिश नीति बदली
  • सबसे महत्वपूर्ण परिणाम राष्ट्रवाद का जन्म था; लोग देश के लिए बलिदान देने वाले नायकों को जानने लगे
  • पर अंग्रेजों ने “फूट डालो और राज करो” नीति से हिंदू-मुस्लिम संबंध बिगाड़े
कार्यपत्रक प्रश्न 7 (अनुमानित 2 अंक)

प्र. भारत में अब भी प्रचलित उन परिधानों और खाद्य पदार्थों की सूची तैयार कीजिए जिन्हें ब्रिटिश शासन के दौरान अपनाया गया था।

उत्तर: परिधान: शहरी भारत में प्रचलित पतलून, कोट और टाई। खाद्य पदार्थ: ब्रेड, चाय और केक, जो हम आज भी खाते हैं। ये सब ब्रिटिश शासन के दौरान यूरोपीय लोगों के साथ रहने का परिणाम हैं। (पाठ इन्हीं उदाहरणों को देता है।)

कार्यपत्रक प्रश्न 8 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. महालवारी और रैयतवारी बंदोबस्त के बीच अंतर स्पष्ट कीजिए।

उत्तर:

आधार महालवारी बंदोबस्त रैयतवारी बंदोबस्त
शुरुआत 1822 19वीं सदी का आरंभ
क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी प्रांत, पंजाब, गंगा घाटी, मध्य भारत के भाग बंबई और मद्रास प्रेसीडेंसी के कई भाग
राजस्व देने वाला महल (गाँव या गाँवों का समूह) के सभी मालिक संयुक्त रूप से रैयत (खेत जोतने वाला किसान) सीधे सरकार को; वही मालिक माना गया
किसान पर असर माँग बहुत ऊँची, किसानों को लाभ नहीं ऊँची माँग के कारण शोषण जारी
कार्यपत्रक प्रश्न 9 (अनुमानित 3 अंक)

प्र. “भारत में ब्रिटिश शासन का एक बड़ा प्रभाव एक नए मध्य वर्ग की शुरुआत था।” विश्लेषण कीजिए।

उत्तर:

  • ब्रिटिश व्यापार बढ़ने पर कुछ भारतीय एजेंट और मध्यस्थ बनकर ब्रिटिश व्यापारियों के लिए काम करने लगे और धन कमाया
  • स्थायी बंदोबस्त के बाद पुराने ज़मींदारों की जगह भूमि मालिकों का नया वर्ग बना
  • इनमें से कुछ ने अंग्रेज़ी शिक्षा पाई और नया अभिजात वर्ग बना
  • नई अदालतों, सरकारी दफ़्तरों और वाणिज्यिक एजेंसियों में नौकरियाँ मिलीं; इस तरह एक नया पेशेवर और सेवा करने वाला मध्यम वर्ग बना
कार्यपत्रक प्रश्न 10 (अनुमानित 6 अंक)

प्र. अंग्रेजों ने विभिन्न इरादों के साथ भारत में विभिन्न व्यावसायिक फ़सलों की खेती शुरू कराई। विश्लेषण कीजिए।

उत्तर:

  • अंग्रेजों ने चाय, कॉफ़ी, नील, अफ़ीम, कपास, जूट, गन्ना और तिलहन जैसी वाणिज्यिक फ़सलें शुरू कराईं, हर एक का अलग इरादा था
  • अफ़ीम: चीनी चाय के व्यापार का संतुलन ब्रिटेन के पक्ष में करने के लिए; इसका बाज़ार अंग्रेज व्यापारियों के कड़े नियंत्रण में था, भारतीय उत्पादकों को कम लाभ
  • नील: किसानों को ज़मीन के 3/20 भाग पर उगाने और अंग्रेजों की शर्तों पर बेचने को मजबूर किया; यह इंग्लैंड में कपड़ा रँगने में लगता था; ज़मीन कुछ साल बंजर हो जाती थी
  • चाय बागानों में मज़दूर कठिन हालात में काम करते थे
  • परिणाम: ज़मीन का स्वामित्व तेज़ी से बदला, भूमिहीन मज़दूर बढ़े, दलालों ने शोषण किया; खाद्यान्न उत्पादन घटा और अकाल पड़े