NIOS कक्षा 12 हिंदी (301) पाठ 5 उत्तर छायावादी कविता (दिनकर और बच्चन) शॉर्ट नोट्स हिंदी में

परीक्षा में कैसे आता है
  • पेपर 100 अंक, 34 प्रश्न, 3 घंटे; यह पाठ सार्वजनिक परीक्षा का कविता पाठ है (TMA वाला नहीं)
  • 1 अंक MCQ (Q1-20): नमूना प्रश्नपत्र का Q7 ‘परशुराम के उपदेश’ की लाक्षणिकता पर है; कवि, कृति, शब्दार्थ, अलंकार पर भी प्रश्न आते हैं
  • Q21-22: एक शब्द में उत्तर (कवि, विधा) और सही/गलत
  • Q23 (7 × 1) और Q28 (5 × 1): काव्यांश पर प्रश्न; नमूना पत्र में ये दूसरी कविता या अपठित काव्यांश से हैं, पर इस पाठ के अंशों से अभ्यास करें
  • Q26 (4 अंक): काव्यांश की सप्रसंग व्याख्या: संदर्भ (कवि + कविता) ½ + ½, व्याख्या 2, अभिव्यक्ति 1
  • Q27 (3 + 3 अंक): 50-60 शब्द: संदेश, काव्यगत या भाषागत विशेषताएँ
  • Q25 (व्याकरण, 10 अंक): इस पाठ के शब्दों से संधि, समास, उपसर्ग-प्रत्यय, विलोम का अभ्यास करें

1 काव्य-धारा: उत्तर छायावाद और प्रगतिवाद

  • छायावाद के बाद की दो काव्यधाराएँ: उत्तर छायावाद और प्रगतिवाद
  • आरंभ: लगभग 1936 ई., जब छायावाद के अंत की घोषणा हुई
  • उत्तर छायावाद के प्रतिनिधि कवि: बच्चन; भाषा सहज-सरल, शैली गीतात्मक
  • इस पाठ के दोनों कवि, दिनकर और बच्चन, उत्तर छायावाद के प्रमुख कवि हैं

उत्तर छायावाद की प्रवृत्तियाँ

  • छायावाद की प्रवृत्तियाँ + कुछ नई प्रवृत्तियाँ
  • व्यक्तिगत अनुभूतियाँ
  • मस्ती की प्रवृत्ति
  • संकीर्णता का विरोध
  • नश्वरता की अनुभूति
  • तटस्थता का भाव

प्रगतिवाद की प्रवृत्तियाँ

  • समाजवादी विचारधारा के प्रति आकर्षण
  • शोषण का विरोध; शोषित में शक्ति देखना
  • सामाजिक-आर्थिक विषमता पर व्यंग्य
  • प्रेम और सौंदर्य को सामाजिक मूल्यों से जोड़ना
  • श्रमिक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता; यथार्थवादी दृष्टि
  • उदाहरण कवि (माध्यमिक पुस्तक): केदारनाथ अग्रवाल, नागार्जुन

2 (क) रामधारी सिंह ‘दिनकर’: परशुराम के उपदेश

कवि परिचय

बिंदु पुस्तक के अनुसार
जन्म 1908 ई., सिमरिया, ज़िला मुंगेर
शिक्षा, कार्य बी.ए. (पटना विश्वविद्यालय); सीतामढ़ी में सब-रजिस्ट्रार
पद राज्यसभा सदस्य (1952-1964); भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलपति (1964-1965); भारत सरकार के हिंदी सलाहकार (1965-1971)
महत्त्व हिंदी कविता को छायावादी प्रभाव से मुक्त करने वाले प्रमुख कवि; प्रवाहमयी, ओजस्विनी कविताएँ
प्रबंध-काव्य कुरुक्षेत्र (1946 ई.), रश्मिरथी, उर्वशी (1961 ई.)
गद्य ‘संस्कृति के चार अध्याय‘ (प्रमुख); समीक्षात्मक निबंध: ‘मिट्टी की ओर’, ‘काव्य की भूमिका’, ‘पंत, प्रसाद और मैथिलीशरण गुप्त’, ‘शुद्ध कविता की खोज’
कुल कृतियाँ, निधन लगभग 50 कृतियाँ प्रकाशित; देहावसान 1974

कविता का प्रसंग और सार

  • प्रसंग: भारत पर चीन के आक्रमण के बाद देशवासियों को संबोधित कविता
  • कवि प्रतीकों के माध्यम से उमंग, उत्साह और वीरता का भाव जगाता है
  • वह वैराग्य छोड़कर उद्यम (परिश्रम) और पराक्रम अपनाने को कहता है
  • स्वतंत्रता मनुष्य का भीतरी गुण है; उसकी रक्षा बिना झुके चोट सहने वाला राष्ट्र ही कर पाता है
  • जो देश आँसू बहाता है, खून नहीं, वह स्वाधीन नहीं रहता
अंश 1: वैराग्य छोड़ोभुजाओं की शक्ति पहचानो, बाधाएँ तोड़ो, ऊँचा लक्ष्य पाओ, विजयी बनो
↓
अंश 2: स्वतंत्रता का मूल्यस्वतंत्रता जाति की लगन, व्यक्ति की धुन; दूसरों के चरण मत पकड़ो, आन के लिए आग सहो
↓
अंश 3: संघर्ष और बलिदानडरने वाला देश स्वाधीन नहीं रहता; शत्रु पर टूट पड़ो, मृत्यु से भी न डरो

मूल पाठ आधिकारिक पुस्तक nios.ac.in पर निःशुल्क उपलब्ध है।

शब्दार्थ

शब्द अर्थ शब्द अर्थ
विभा चमक, कांति पीयूष अमृत, दूध
तुंग ऊँचा शैल-शिखर पर्वत की चोटी
सोम अमृत अशनि-घात वज्र के समान कठोर चोट
संगीन बंदूक के आगे लगा नुकीला हथियार शोणित खून
अयाल सिंह की गर्दन के बाल किरिच छोटी बरछी; पेट में घोंपी जाने वाली तलवार या कटार
चाम चमड़ी, त्वचा, खाल अन्धड़ (टिप्पणी से) शत्रु रूपी आँधी का प्रतीक

अंशवार व्याख्या

काव्यांश 1 (अंश-1 का आरंभ)

वैराग्य छोड़ बाँहों की विभा सँभालो,
चट्टानों की छाती से दूध निकालो।

  • संदर्भ: रामधारी सिंह ‘दिनकर’, ‘परशुराम के उपदेश’
  • व्याख्या: हर परिस्थिति में वैराग्य ठीक नहीं; संसार से उदासीनता छोड़ो, अपनी भुजाओं की शक्ति पहचानो और कर्म करो; कठिन, दुर्गम परिस्थितियों में भी अपना लक्ष्य पा लो
  • विशेष: ‘बाँहों की विभा’ (भुजाओं की शक्ति) और ‘चट्टानों की छाती से दूध निकालना’ (असंभव को संभव करना) लाक्षणिक प्रयोग; ओजपूर्ण तत्सम शब्दावली
  • अंश-1 के बाकी प्रतीक: रुकी धार की शिलाएँ तोड़ना = मार्ग की बाधाएँ हटाना; चंद्रमाओं से पीयूष निचोड़ना = ऊँचे-से-ऊँचा लक्ष्य बनाकर उसका बहुमूल्य तत्त्व पाना (शरद पूर्णिमा पर चंद्रमा से अमृत-वर्षा की मान्यता); शैल-शिखरों पर सोम पीना = पर्वतारोही की तरह हर बाधा पार करके विजय का अमृतपान
  • अंश-1 की अंतिम पंक्ति (कुल 6 पंक्तियों में छठी):

योगियों नहीं, विजयी के सदृश जियो रे!

  • कवि देशवासियों को कर्मठ बनाना चाहता है; संघर्ष के समय योगियों से नहीं, वीरों से देश की रक्षा होगी
  • ‘विजयी के सदृश’ में उपमा अलंकार (‘सदृश’ = समान)
  • कवि का अर्थ हमेशा लड़ते रहना नहीं; शत्रु आक्रमण करे तब भी अहिंसा पर अड़े रहना उचित नहीं, देश की सुरक्षा के लिए कभी-कभी हिंसा आवश्यक हो जाती है
योगी विजयी (कर्मवीर)
योग, ध्यान में लीन दृढ़निश्चयी
निर्मोही निर्भीक
असांसारिक वीर
निष्क्रिय उत्साही
उदासीन परिश्रमी
अंश-2 (पंक्ति ‘स्वातंत्र्य जाति की…’ से आरंभ)
  • प्रसंग: स्वतंत्रता मानव-जीवन के लिए अनिवार्य; उद्यमी लोग ही उसकी रक्षा कर सकते हैं
  • व्याख्या: पक्षी तक स्वतंत्र रहना चाहता है; स्वतंत्रता पूरी मनुष्य जाति की लगन और हर व्यक्ति की धुन है; यह बाहर से सीखी आदत नहीं, भीतरी गुण (मौलिक प्रवृत्ति) है
  • संसार में वही राष्ट्र स्वतंत्र रहता है, जिसमें स्वाभिमान है और जो बिना झुके मुसीबतों की चोट सह लेता है
  • वीरता छोड़कर दूसरों के पैर मत पकड़ो (दासता मत स्वीकारो); आन बचाने के लिए हर आग (कठिनाई) खुद सहो
  • उदाहरण (पुस्तक): भारतवासियों ने आज़ादी के लिए अँग्रेज़ों से संघर्ष किया; आज़ादी के बाद संकट आया तो जागरूक लोगों ने स्वतंत्रता की चेतना फैलाई
मुहावरा / प्रयोग अर्थ (पुस्तक की टिप्पणी)
अशनि-घात सहना कठोर-से-कठोर चोट सहना
चरण गहना किसी के भरोसे रहना, दयनीय बन जाना
आग सहना अग्नि से गुजरना; कठिनतम परिस्थितियों से सफलतापूर्वक निकलना
अंश-3 (पंक्ति ‘आँधियाँ नहीं जिसमें…’ से आरंभ)
  • प्रसंग: देश को स्वाधीन रखने के लिए जोखिम और संघर्ष आवश्यक
  • व्याख्या: जिस देश के लोगों में कठिनाई आने पर उत्साह न जागे, जिनकी छातियाँ संगीनों से डरें, जो खून के बदले आँसू बहाएँ, वह देश स्वतंत्र नहीं रह सकता
  • कवि का आह्वान: सिंह के अयाल पकड़ने का साहस, आँधी पर सवार होने का हौसला, किरिचों पर अपनी खाल मढ़ने की निर्भीकता दिखाओ
  • साहस, हौसला, चुस्ती-फुर्ती और शरीर के बलिदान की निर्भीकता ही वीरत्व की पहचान है
  • आशय: शत्रु की गर्दन पकड़कर शत्रु-सेना पर टूट पड़ो; घायल होने की परवाह न करो; स्वाधीनता की कीमत मृत्यु हो, तो उसे भी स्वीकार करो
  • प्रतीक: ‘आँधियाँ’ और ‘अन्धड़’ = आँधी की तरह बढ़ती शत्रु-सेना (वीर इसे देखकर उमंग से भरता है); अयाल पकड़ना = सिंह रूपी ताकतवर शत्रु से न डरकर उस पर चढ़ बैठना

भाव तथा शिल्प सौंदर्य

रटकर याद करेंपरिभाषा 1

लाक्षणिकता: शब्दों का सीधा अर्थ छोड़कर उनसे कोई दूसरा, गहरा अर्थ प्रकट करना। जैसे ‘चट्टानों की छाती से दूध निकालना’ का अर्थ चट्टान से दूध निकालना नहीं, कठिन परिस्थिति में भी लक्ष्य पाना है।

  • दिनकर लाक्षणिक प्रयोगों में सिद्धहस्त हैं; ऐसे प्रयोगों की झड़ी लगा देते हैं
  • ये प्रयोग केवल चमत्कार के लिए नहीं; इनसे भाषा और भावों की सामर्थ्य बढ़ती है
  • पुस्तक के लाक्षणिक उदाहरण: बाँहों की विभा सँभालना; चंद्रमाओं को पकड़कर निचोड़ना; किरिचों पर तन का चाम मढ़ना
  • मूल स्वर: वीरता और देशप्रेम; दोनों का सुंदर समन्वय; हर पंक्ति प्रेरणा, उत्साह, उमंग से भरी
  • परिस्थिति की माँग समझकर वैराग्य का खंडन; स्वतंत्रता की रक्षा का ओजपूर्ण आह्वान
  • तत्सम शब्द (प्रयोग में अग्रणी): विभा, शिला, शैल-शिखर, पीयूष, वीरत्व, शोणित, अश्रु
  • भावानुरूप भाषा; लयात्मकता और गत्यात्मकता से वाचन में आनंद

3 (ख) हरिवंशराय ‘बच्चन’: क्या भूलूँ, क्या याद करूँ मैं

कवि परिचय

बिंदु पुस्तक के अनुसार
जन्म 27 नवंबर, 1907
महत्त्व उत्तर छायावाद के प्रमुख कवि; लोकप्रियता का आधार ‘मधुशाला‘
शिक्षा, पद इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेज़ी का अध्ययन; विदेश मंत्रालय में हिंदी विशेषज्ञ; राज्यसभा के मनोनीत सदस्य
कविता-संग्रह मधुशाला, मधुबाला, मधुकलश, निशा निमंत्रण, सतरंगिनी, खादी के फूल, बुद्ध और नाचघर
आत्मकथा क्या भूलूँ क्या याद करूँ, नीड़ का निर्माण फिर, बसेरे से दूर, दशद्वार से सोपान तक
सम्मान साहित्य अकादमी सम्मान, सोवियत लैंड नेहरू सम्मान, सरस्वती सम्मान, पद्म भूषण
निधन 18 जनवरी, 2003, मुंबई
ध्यान दें

पुस्तक में आत्मकथा का नाम ‘क्या भुलूँ…’ और अंतिम खंड ‘दशद्वार थे सोपान तक’ छपा है; सही रूप ‘क्या भूलूँ…’ और ‘दशद्वार से सोपान तक’ है।

कविता की पृष्ठभूमि और सार

  • बच्चन ने अपनी रचनाओं में बेबाकी से अपने निजी जीवन का वर्णन किया है
  • स्रोत: बच्चन की कृति ‘निशा-निमंत्रण‘; रचना-काल 1937-38
  • पृष्ठभूमि: 1936 में पत्नी श्यामा का निधन; कवि का जीवन अवसादों (दुख, उदासी) से घिर गया
  • कवि ने माना: श्यामा के साथ वह भी कुछ मर गए, और उनमें श्यामा कुछ जीती रहीं
  • पुस्तक के अनुसार: यह रचना भारतीय नारी के अस्तित्व को अपने संसार में विलीन कर देने का मार्मिक उदाहरण है
  • यह निजी गाथा नहीं; जीवन के कोमल-कठोर पक्षों की कविता, जिससे जीने की सीख मिलती है
  • मुख्य समस्या: मधुर और कटु स्मृतियों के चयन का द्वंद्व; कवि स्मृतियों से मुक्ति चाहता है
  • ‘मैं’ केवल कवि नहीं, समाज का हर व्यक्ति है

शब्दार्थ

शब्द अर्थ शब्द अर्थ
अगणित जिसे गिना न जा सके उन्माद किसी भाव की अतिशयता, अत्यधिक प्रेम
क्षण पल, थोड़ी देर अवसाद विषाद, दुख, सुस्ती
रजनी रात घड़ी समय, अवसर, वक़्त
आबाद चहल-पहल सुधि चेतना, होश, याद
दिल भारी होना दुख का अनुभव करना सुधियों के बंधन यादों से छुटकारा न पाना

अंशवार व्याख्या

अंश-1 (शीर्षक-पंक्ति और पहली दो पंक्तियाँ)
  • प्रसंग: कविता जीवन के उन्माद और अवसाद पर आधारित है; अतीत के सुखमय, प्रेम के क्षण बीत चुके हैं
  • पहली पंक्ति में ही कटु-मधुर यादों को याद करने या न करने की किंकर्तव्यविमूढ़ता (क्या करें, न सूझना)
  • व्याख्या: जीवन में अनगिनत सुख के क्षण हैं, जो ऊर्जा और उल्लास देते थे; साथ ही अवसाद के क्षण भी हैं
  • रात के सन्नाटे और सूनेपन में कवि तय नहीं कर पाता कि खुशी के क्षण याद करे या दुख के; वह कुछ भी भूल नहीं पाता
  • विशेष: ‘किन-किन’ में पुनरुक्ति प्रकाश; ‘अ’ वर्ण की आवृत्ति में अनुप्रास (पुस्तक की टिप्पणी; नीचे ध्यान दें); खड़ी बोली के सरल शब्द; भावानुकूल, प्रवाहमयी भाषा
  • ‘क्या’ और ‘किन’ के बार-बार प्रयोग प्रश्न नहीं हैं; अर्थ है कि याद करने को बहुत कुछ है
ध्यान दें

पुस्तक की टिप्पणी (क) अनुप्रास का उदाहरण ‘अगणित अवसादों…’ वाली पंक्ति से देती है, पर पुस्तक के मूल पाठ में अंश-1 की यह पंक्ति छपी नहीं है (वहाँ केवल ‘अगणित उन्मादों…’ वाली पंक्ति है)। परीक्षा में अनुप्रास का कारण लिखें: ‘अ’ वर्ण की आवृत्ति।

काव्यांश 2 (अंश-2 का आरंभ)

याद सुखों की आँसू लाती,
दुख की, दिल भारी कर जाती,

  • संदर्भ: हरिवंशराय ‘बच्चन’, ‘क्या भूलूँ, क्या याद करूँ मैं’
  • प्रसंग: सुख-दुख याद करने पर उदासी; उदासी का कारण कवि खुद को मानता है
  • व्याख्या: आँसू सुख-दुख दोनों के सच्चे साथी हैं; बीते सुख की याद आँसू लाती है, क्योंकि वे पल लौटकर नहीं आएँगे; दुख की याद मन भारी कर देती है
  • अंश की अगली पंक्ति में कवि मानता है कि दोष किसी और का नहीं, वह स्वयं अपने दिन बर्बाद कर रहा है
  • सीख: अवसाद से निकलकर वर्तमान में जीना ही श्रेयस्कर; बीता बदला नहीं जा सकता; कर्तव्य से भागकर कुछ नहीं मिलता
  • विशेष: ‘दिल भारी होना’ मुहावरा; ‘सुख’ और ‘दुख’ संकेतात्मक प्रयोग (= सुख के दिन, दुख के दिन)
अंश-3 (पंक्ति ‘दोनों करके पछताता…’ से आरंभ)
  • प्रसंग: उन्माद-अवसाद के क्षण याद करने का मन पर प्रभाव; यादों के बंधन से छूटने का रास्ता खोजना
  • व्याख्या: सुख की यादें हों या दुख की, उन्हें याद करके केवल पछतावा होता है, क्योंकि वे पल लौटते नहीं
  • कवि की विवशता: यादों के बंधन से स्वयं को मुक्त न कर पाना; यह सभी के साथ होता है
  • विशेष: ‘सुधियों के बंधन’ में लाक्षणिकता: यादें कवि पर इतना प्रभाव डालती हैं कि वह उनसे मुक्त नहीं हो पाता

भाव-सौंदर्य और शिल्प-सौंदर्य

  • हर अनुभवी व्यक्ति अतीत के सुख-दुख वाले दिन याद करता है; इससे वर्तमान में प्रसन्न या उदास होता है
  • उदासी या दुख भाव की प्रभावशाली अभिव्यक्ति; स्मृतियों से छुटकारा किसी के लिए संभव नहीं
  • वर्तमान के सूनेपन में स्मृतियाँ हलचल भर देती हैं
1

सहज-सरल भाषा

भावुकतापूर्ण कविता; खड़ी बोली के सरल शब्द

2

सांकेतिकता

‘सुख’, ‘दुख’ जैसे संकेतात्मक शब्द

3

लाक्षणिकता

‘सुधियों के बंधन’

4

प्रश्नात्मक शैली

पंक्तियाँ प्रश्न जैसी, पर ‘बहुत कुछ’ होने का भाव

5

अलंकार, मुहावरा

अनुप्रास, पुनरुक्ति प्रकाश; ‘दिल भारी होना’

रटकर याद करेंपरिभाषा 2

अनुप्रास अलंकार: जहाँ एक ही वर्ण की आवृत्ति हो। इस कविता में ‘अ’ वर्ण की आवृत्ति।

रटकर याद करेंपरिभाषा 3

पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार: जहाँ एक ही शब्द बार-बार आए। इस कविता में ‘किन-किन’।

रटकर याद करेंपरिभाषा 4

उपमा अलंकार: जहाँ एक वस्तु की तुलना समानता बताकर दूसरी से की जाए। दिनकर की कविता में ‘विजयी के सदृश’ (विजयी के समान)।

4 दोनों कविताएँ एक नज़र में

आधार परशुराम के उपदेश (दिनकर) क्या भूलूँ, क्या याद करूँ मैं (बच्चन)
भाव देशप्रेम, वीरता, ओज; प्रेरणा, उत्साह, उमंग; वैराग्य का खंडन स्मृतियों का प्रभाव; सुख-दुख की साथ-साथ अनुभूति; स्मृतियों से छुटकारा संभव नहीं
शिल्प लाक्षणिकता, ओजपूर्ण और तत्सम शब्दावली, लयात्मकता-गत्यात्मकता सहज-सरल भाषा, लाक्षणिकता, सांकेतिकता, प्रश्नात्मक शैली, अनुप्रास-पुनरुक्ति प्रकाश
अलंकार उपमा (‘विजयी के सदृश’) अनुप्रास, पुनरुक्ति प्रकाश
संदेश स्वाधीनता के लिए उद्यम, साहस और बलिदान अतीत में न डूबो, वर्तमान में जियो

5 भाषा-प्रयोग (व्याकरण, Q25 के लिए)

पाठ का शब्द व्याकरण
स्वाधीन स्व + अधीन (दीर्घ संधि); विलोम: पराधीन
अत्यधिक अति + अधिक (यण् संधि)
निर्भीक निः + भीक (विसर्ग संधि); विलोम: भीरु
शैल-शिखर, देशप्रेम शैल का शिखर, देश से प्रेम (तत्पुरुष समास)
सुख-दुख, कोमल-कठोर सुख और दुख, कोमल और कठोर (द्वंद्व समास)
वीरत्व, लाक्षणिकता, सांकेतिकता वीर + त्व; लाक्षणिक + ता; सांकेतिक + ता (प्रत्यय)
अगणित, असांसारिक अ + गणित; अ + सांसारिक (‘अ’ उपसर्ग)
विजयी, स्वतंत्र, उदासी विलोम: पराजित, परतंत्र, प्रसन्नता
अश्रु, शोणित, रजनी तत्सम; पर्याय: आँसू, खून (रक्त), रात
  • मुहावरे: दिल भारी होना (दुखी होना), चरण गहना (किसी के भरोसे रहना), आग सहना (कठिनतम स्थिति से निकलना)
जीवन-कौशल (उत्तरों में लिखें)
  • साहस और आत्मविश्वास: कठिनाई में भी लक्ष्य न छोड़ना (दिनकर)
  • स्थिति के अनुसार निर्णय: समझौता कब ठीक, कब नहीं; हर स्थिति में वैराग्य ठीक नहीं
  • भावनाओं का प्रबंधन: दुख की यादों में डूबने के बजाय वर्तमान के कर्तव्य निभाना (बच्चन)
परिभाषाएँ एक जगह
  • लाक्षणिकता: सीधे अर्थ के स्थान पर दूसरा, गहरा अर्थ
  • अनुप्रास: एक ही वर्ण की आवृत्ति
  • पुनरुक्ति प्रकाश: एक ही शब्द की आवृत्ति
  • उपमा: समानता बताकर तुलना
रात को पढ़ने वाला सार
  • उत्तर छायावाद और प्रगतिवाद, लगभग 1936 ई. से; दोनों कवि उत्तर छायावाद के
  • दिनकर (1908-1974, सिमरिया): कुरुक्षेत्र, रश्मिरथी, उर्वशी, संस्कृति के चार अध्याय
  • ‘परशुराम के उपदेश’: चीन के आक्रमण के बाद; वैराग्य छोड़ो, विजयी बनो; स्वतंत्रता भीतरी गुण; लाक्षणिकता, ओज, उपमा
  • बच्चन (27 नवंबर 1907 से 18 जनवरी 2003): मधुशाला; आत्मकथा ‘क्या भूलूँ क्या याद करूँ’ आदि; पद्म भूषण, सरस्वती सम्मान
  • ‘क्या भूलूँ, क्या याद करूँ मैं’: निशा-निमंत्रण, 1937-38; पत्नी श्यामा का निधन (1936); स्मृतियों का द्वंद्व, विवशता; अनुप्रास, पुनरुक्ति प्रकाश, ‘दिल भारी होना’
स्वयं जाँचें
  • योगी और विजयी की पाँच-पाँच विशेषताएँ लिखिए।
  • दिनकर के तीन लाक्षणिक प्रयोग और उनके अर्थ लिखिए।
  • बच्चन ‘सुधियों’ को बंधन क्यों मानते हैं?

NIOS की आधिकारिक पुस्तक nios.ac.in पर निःशुल्क उपलब्ध है।